लखीमपुर खीरी। मकर संक्रांति का पर्व गुरुवार को जिले भर में श्रद्धा से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने अलसुबह मंदिरों में विधि विधान से पूजा अर्चना की। खिचड़ी दान करने बाद गरीबों में वितरित की। इसके बाद घरों में खिचड़ी बनाकर खाई गई। सामाजिक संगठनों ने खिचड़ी भोज कर राहगीरों को खिलाई।
शहर के मंदिरों में अलसुबह ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। प्राचीन संकटा देवी मंदिर पहुंचे भक्तों ने विधि विधान से मां के दर्शन कर खिचड़ी अर्पित कर गरीबों में दान की। इसके बाद घर-घर में खिचड़ी बनाकर खाई गई। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद की ओर से कंपनी बाग में, तो मेन रोड, रोडवेज बस अड्डा रोड आदि जगहों पर खिचड़ी भोज हुआ। स्वर्गीय श्रीमती चंद्रकला आश्रम संस्कृत विद्यापीठ में खिचड़ी भोज हुआ। इसमें नैमिषारण्य के महंत दिव्यानंद महाराज, पंडित नरकांत उपाध्याय, सुधीर मिश्रा, अखिलेश शास्त्री, आचार्य संजय मिश्रा, अतुल गुप्ता, सुत्तन त्रिवेदी, डॉ. ओंकाननाथ दुबे, डॉ. संजीव त्रिपाठी आदि ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं एडीएम आरपी सिंह ने गुरुकुल के छात्रों को सर्दी से बचने के लिए स्वेटर, चादर और शालिनी गुप्ता एवं प्रमोद शुक्ला ने रजाई गद्दे दिए। मंदाकिनी ब्राह्मण महिला संगठन की महिलाओं ने अस्पताल रोड पर खिचड़ी भोज किया। पालिकाध्यक्ष निरूपमा बाजपेई ने भगवान परशुराम का पूजन कर भोग लगाया और राहगीरों में खिचड़ी वितरित की। उपाध्यक्ष कीर्ति शुक्ला, सप्ताह संयोजिका प्रभा त्रिपाठी, रेनू अवस्थी आदि मौजूद रहे।
बेहजम। क्षेत्र के नौरंगपुर गांव में मिमलेश्वर नाथ मंदिर के संस्थापक व सेवा संस्थान के प्रबंधक पंडित शिव सेवक शुक्ला ने अपने परिवार के साथ मंदिर में पूजन अर्चन और हवन किया। खिचड़ी भोज के बाद लोगों को कंबल भी बांटे गए।
ममरी। मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं ने कठिना नदी के विभिन्न घाटों पर स्नान कर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और शिवालयों में जलाभिषेक कर अन्न, खिचड़ी दान किया।
संसारपुर। श्रद्धालु एक दिन पूर्व ही स्नान करने के लिए गंगा घाट को रवाना हो गए, वहीं तमाम श्रद्धालुओं ने तड़के ही स्नान कर तिल, दाल, चावल, नमक, घी, दक्षिणा आदि दान किया।
गोला गोकर्णनाथ। नगर में सरस्वती शिशु मंदिर, स्वामी विवेकानंद बाल उद्यान, पौराणिक शिव मंदिर परिसर, मिल रोड पर भारत मार्केट में श्रद्धालुओं ने खिचड़ी भोज कराया। रोटरी क्लब गोला छोटी काशी व रोट्रेक्ट क्लब गोला काशी के खिचड़ी भोज के साथ ही ग्राम सुंदरपुर गांव के माता भगवती मंदिर पर सत्संग समिति के तत्वावधान में खिचड़ी भोज हुआ।
सुंदरपुर के सरस्वती शिशु मंदिर में रामकुमार वर्मा के संयोजन में एक निजी अस्पताल की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कैंप लगाया गया, जिसमें 150 लोगों का परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं।
पलियाकलां। मकर सक्रांति के पर्व को लेकर शहर के विभिन्न मार्गों पर खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। जिसमें राहगीरों ने खिचड़ी का आनंद उठाया।
निघासन। सरपतहा में हवन पूजन के बाद विशाल खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। उसके बाद करीब एक हजार गरीब असहाय लोगों को कंबल का वितरण निवर्तमान प्रधान रमेश लोधी ने किया। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री विनोद लोधी, जिला सह संयोजक देवेंद्र चतुर्वेदी, दामोदर मौर्य आदि मौजूद रहे।
तिकुनियां। मकर संक्रांति के पर्व पर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता विशाल चंद शाह ने गरीबों को पूरी सब्जी खिला कर कंबल दान किए गए।
-
छोटी काशी: भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर की मंगल कामना
गोला गोकर्णनाथ। नगर और क्षेत्र में मकर संक्रांति का पर्व परंपरागत ढंग से श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने गुरुवार को ब्रह्ममुहूर्त में गोकर्ण तीर्थ के जल से आचमन कर पौराणिक शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक कर मंगल कामना की। तीर्थ के तट पर पुरोहितों से कथा सुन दान दक्षिणा की। साथ ही श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में बैठे जरूरतमंदों अन्न दान किया। घरों में लोगों ने मान्य पक्ष, ब्राह्मणों, कन्याओं को तिल की रेवड़ी, मूंगफली सहित अन्न, खिचड़ी दान किया। संवाद
-
लड्डू के अंदर सिक्के रखकर दान करने की परंपरा
गोला गोकर्णनाथ। नगर के पंजाबी कॉलोनी निवासी गुजराती परिवार के दीनानाथ मेहता ने बताया कि मकर संक्रांति पर तिल और गुड़ के लड्डुओं के अंदर सिक्के रखकर दान करने की परम्परा है। उन्होंने बताया कि उधिया, फाफड़ा, जलेबी, तिल के लड्डू आदि मुख्य व्यंजन के तौर पर बनाए जाते हैं, साथ ही अन्न दान करने का विशेष महत्व है। संवाद
----
नेपाल: माघी पर्व मनाया
धनगढ़ी-नेपाल। मकर सक्रांति पर थारु गांवों में माघी पर्व मनाया गया। सुबह गोदावरी, मोहाना नदियों के अलावा अन्य नदी-सरोवरों में श्रद्धालुओं ने स्नान व पूजा-अर्चना कर तिल, शकरकंद, तिलकुट का दान किया। गांवों में थारु नृत्य की दिनभर धूम रही। इसदिन को नव वर्ष के साथ थारु समुदाय सद्भाव ओर आत्मिक प्रतीक के रूप में मनाते हैं। एक दूसरों को नव वर्ष माघी की बधाई भी देते हैं। इसके साथ ही बेटियों को राशन, कपड़ा आदि भेंट किया जाता है। संवाद
-
मिमलेश्वर मन्दिर पर हुआ खिचड़ी भोज
बांकेगंज। मकर संक्रांति धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने विधि विधान और श्रद्धा से भगवान विष्णु की पूजा कर कन्याओं और गरीबों को दान दिया। बांकेश्वर महादेव राधाकृष्ण मंदिर के सेवादार कुसुम कुमार वाजपेयी ने श्री ठाकुर जी महराज को खिचड़ी का भोग लगाया। आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। संवाद
पौराणिक शिव मंदिर में पूजन करते श्रद्धालु। संवाद- फोटो : LAKHIMPUR