कस्बे में रविवार की रात ईंट से लदा एक बेकाबू ट्रक लहरपुर मार्ग स्थित
मोहल्ला शेखसराय निवासी जाबिर अली के मकान में घुस गया जिससे मकान में सो
रही जाबिर की डेढ़ साल की बच्ची समेत चार लोग मलबे में दब कर गंभीर रूप से
जख्मी हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां से दो लोगों को
गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। लोगों ने चालक को
पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। बताया जाता है कि चालक शराब के नशे में
था, पुलिस ने रात में ही उसका मेडिकल कराया और ट्रक को कब्जे में ले लिया
है।
जाबिर के मुताबिक ईंटों से भरा ट्रक संख्या यूपी 32 टी-8456 सीधे
उसके मकान में घुस गया। ट्रक की टक्कर से मकान भरभरा कर गिर गया। छत और
दीवारें पूरी तरह से उसके परिवार पर गिर र्गइं। मलबे में दबने से 28 वर्षीय
जाबिर अली, उसकी 25 वर्षीय पत्नी सोनी, 55 वर्षीय सास अनीसा और डेढ़
वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। छत गिरने और परिवारवालों की आवाज
सुनकर मोहल्ले के सैंकड़ों लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर उन्हें बाहर
निकाला। मलबे में दबने से जाबिर की पत्नी सोनी के दोनों पैर टूट गए। अनीसा
के सीने में गंभीर चोट आई है। दोनों को ट्रामा सेंटर भेजा गया है।