पलियाकलां। दुधवा-बेलरायां रेल मार्ग के जंगल में ट्रैक पर पेड़ गिरने से मैलानी-बिछिया विस्टाडोम ट्रेन संख्या 52260 करीब ढाई घंटे तक खड़ी रही। अचानक पेड़ गिरने से ट्रेन का संचालन ठप हो गया। सूचना पर पहुंचे रेल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ों को काटकर ट्रैक साफ किया। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
स्टेशन अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि सुबह मैलानी से चलकर बिछिया जाने वाली ट्रेन वापसी में पलिया और मैलानी की ओर आ रही थी। तभी दुधवा और बेलरायां के बीच अचानक चार-पांच पेड़ ट्रैक पर गिर गए। आमतौर पर ट्रेन दोपहर तीन बजे तक पलिया पहुंचती है, लेकिन सोमवार को शाम करीब 4:30 बजे पहुंच सकी। जंगल के बीच ट्रेन फंसने और गर्मी-उमस के कारण डिब्बे में बैठे पर्यटकों और आम यात्रियों को भारी परेशानी हुई। संवाद