गोला गोकर्णनाथ। नगर के गोकर्ण तीर्थ एवं पौराणिक शिव मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। एएसपी, एसडीएम और नगर पालिका अध्यक्ष ने तैयारियों का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सात मार्च की शाम से रोडवेज डिपो का अस्थायी संचालन मोहम्मदी रोड हाईवे बाईपास चौराहे के निकट अग्रवाल राइस मिल से होगा। गन्ना वाहनों, भारी वाहनों पर नगर प्रवेश पर रोक रहेगी।
उन्होंने बताया कि वाहन अलीगंज रोड से लाल्हापुर होते हुए रिलायंस पेट्रोल पंप के पास लखीमपुर रोड हाईवे और दतेली मोड़ से निकाले जाएंगे। श्रद्धालुओं के वाहनों को लखीमपुर रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास, मोहम्मदी रोड बाईपास के निकट, कृषि उत्पादन मंडी समिति में रोका जाएगा। वहां से श्रद्धालु पैदल शिव मंदिर आएंगे। नगर सीमा पर बैरिकेडिंग रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था में कई थानों की पुलिस तैनात की गई है। मंदिर और तीर्थ परिसर में सीसीटीवी कैमरा से निगरानी रहेगी।
उधर, बुधवार को एसडीएम रत्नाकर मिश्रा, एएसपी नैपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ने गोकर्ण तीर्थ और पौराणिक शिव मंदिर परिक्षेत्र का निरीक्षण किया। गोकर्ण तीर्थ की तली झाड़ सफाई कराकर जल भरवा दिया गया है।