12वीं में एलपीएस की शुएब निगार और सिकिता पटेल बनीं जिला टॉपर
12वीं में लड़कियों और 10वीं में लड़कों का रहा दबदबा
आईसीएसई बोर्ड के 10वीं और 12वीं के नतीजे सोमवार को घोषित हो गए, जिसमें 10वीं में लखनऊ पब्लिक स्कूल (एलपीएस) के अक्षय कुमार सिंह ने 97.2 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया है। जबकि 12वीं में एलपीएस की शुएब निगार और सिकिता पटेल ने समान रूप से 96 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया है।
10वीं में ही दूसरे और तीसरे स्थान पर एलपीएस के ही आर्यन वर्मा (97) और सेजल (96.8) ने कब्जा जमाया है। जबकि 12वीं में पलिया स्थित गुरूकुल एकेडमी के राजवीर सिंह ने 95.5 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा और एलपीएस की अंकिशा मिश्रा ने 94.5 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया है। जिले की टाप टेन सूची के मुताबिक 12वीं में छात्राओं का दबदबा रहा है। जबकि 10वीं के नतीजों में भी छात्राएं बराबरी करने में सफल रहीं हैं। नतीजे देखकर छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। कालेज प्रबंधन भी ओवरऑल नतीजों से खुश दिखा।