सराफ की दुकान पर सीसीटीवी में कैद हुए टप्पेबाज। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। शहर में टप्पेबाज एक बार फिर सक्रिय हो गए है। नीले रंग की अपाचे बाइक से शहर की प्रतिष्ठित ज्वैलर्स की दुकान पर पहुंचे टप्पेबाजों ने ज्वैलरी देखने के बहाने 80 ग्राम सोना चोरी कर लिया और भाग निकले। टप्पेबाजों की करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की पहचान कराने की कोशिश कर रही है।
शहर निवासी किरन अग्रवाल ने बताया कि संकटा देवी रोड स्थित सराफा बाजार में सोने-चांदी की दुकान है। बृहस्पतिवार सुबह 11:30 बजे दो युवक नीले रंग की अपाचे बाइक से आए। इस दौरान पुत्र आदर्श अग्रवाल दुकान पर बैठा था। दोनों ग्राहकों ने सोने के जेवर दिखाने को कहा। बेटे ने जेवर दिखाए, जिसमें से दोनों ने सोने का ओम लिखा एक पैंडल दो हजार रुपये में खरीदा और रुपये भी दे दिए। फिर और जेवर दिखाने को कहा। इस पर बेटे ने जेवर का डिब्बा लाकर रख दिया और दिखाने लगा। इसी बीच टप्पेबाजों ने 80 ग्राम सोने के जेवर गायब कर जेब में रख लिए, और सामान नापसंद बताकर दुकान के बाहर निकल गए। कुछ देर बाद जब बेटे ने डिब्बा चेक किया तो देखा 80 ग्राम जेवर गायब था। वह जब तक दुकान से बाहर आता। इससे पहले ही दोनों युवक अपाचे बाइक से भाग निकले। दुकानदार ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो एक युवक जेवर चोरी कर जेब में रखते दिखाई दिया। दुकान स्वामी किरन अग्रवाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने फुटेज कब्जे में लिए हैं। फुटेज के आधार पर दोनों टप्पेबाजों की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करेगी।