गोला गोकर्णनाथ। कोरोना के बढ़ते खतरे को भांप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवहन विभाग से एक हजार बसों में यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने का आदेश दिया है, जिस पर गोला डिपो से 46 बसें लगाई गई हैं, जिनमें से 40 बसें दिल्ली भेजी गईं, जहां से उनका रूट निर्धारित किया जाएगा। वहीं पांच बसें नानपारा-बहराइच और एक बस लखनऊ होकर कानपुर के लिए रवाना की गई।
देश में 23 मार्च से लॉकडाउन के बाद दिल्ली सहित अन्य प्रांतों में फैक्ट्रियों में कामकाज बंद हो गया। इससे वहां काम करने वाले दिहाड़ी मजदूर अपने घरों को पैदल ही चल दिए। दो दिनों से दिल्ली सहित कुछ जनपदों में फंसे लोगों को गंतव्य स्थानों पर पैदल, साइकिल व ठेली आदि से जाने और उनकी पीड़ा जानने के बाद सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक दिवसीय बस सेवा शुरू कर दूर फंसे मुसाफिरों को घर लाने का निर्णय लिया।
शनिवार को गोला रोडवेज डिपो की 40 बसे दिल्ली के लिए और पांच बसे नानपारा बहराइच और एक बस लखनऊ होते हुए कानपुर के लिए रवाना की गई। डिपो पर एआरएम एसके नागर, डिपो इंचार्ज अरविंद सिंह के निर्देशन में यात्रियों को सैनिटाइज कर बस में निर्धारित दूरी पर बैठाया गया। साथ ही लांगरूट बसों को भी सैनिटाइज किया गया। उसके बाद यह बसें अपने गंतव्य की ओर रवाना हुईं।
मुख्यालय के निर्देश पर लॉकडाउन के दौरान फंसे यात्रियों को उनके घर पहुंचाने के लिए एक दिवसीय बस सेवा बहाल की गई है। यात्रियों और बसों को सैनिटाइज कर भेजा गया है। चालक, परिचालकों को भी मास्क, ग्लब्स, सैनिटाइजर के साथ कोरोना बचाव के लिए निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।
- अरविंद सिंह, इंचार्ज, गोला रोडवेज डिपो