नदी में पानी पीने गए वृद्ध पर बाघ ने किया हमला
निघासन के जंगल में पानी पीने के लिए नदी की तरफ जा रहे ढखवा गदियाना के इस्लाहुद्दीन पर गुरुवार को बाघ ने हमला बोल दिया। लोगों के शोर मचाने पर वह उसे छोड़कर भाग गया। घायल बुजुर्ग इस्लाहुद्दीन ने बताया कि वह अपने साथियों लाल मोहम्मद, मुस्तकीन, उवैश, सलीम समेत आठ लोगों के साथ बुधवार सुबह सोतिया नाला पार कर पतिया जंगल में मवेशी चराने गए थे। कुछ देर बाद इस्लाहुद्दीन को प्यास लगी।
वह पानी पीने के लिए नदी की ओर जा रहा था। इसी बीच झाड़ी में छिपे बैठे बाघ ने उस पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर उनके साथी लाठी डंडा लेकर आ गए। शोर मचाने पर बाघ उसे छोड़कर भाग गया। इस्लाहुद्दीन के गाल, दाहिना पैर पंजा लगने से घायल हो गए। लुधौरी रेंजर आरिफ जमाल ने बताया कि जंगल में लोगों का जाना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद यह लोग जंगल गए थे, जहां जंगली जानवर होना स्वाभाविक है।