ब्लॉक क्षेत्र के महराज नगर स्कूल में बच्चों का सम्मान करते शिक्षक। स्रोत : शिक्षक।
लखीमपुर खीरी/बांकेगंज। जिले के स्कूलों में नवारंभ उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान बच्चों के नामांकन बढ़ाने और उन्हें नियमित विद्यालय भेजने का आह्वान किया गया।
विकास खंड सदर के संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय रमुआपुर सत्ती में आयोजित कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी (बाल वाटिका) के बच्चों व उनके अभिभावकों का चंदन, रोली और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके बाद प्राथमिक शिक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। अभिभावकों से बच्चों का समय से नामांकन कराने और नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की गई। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक पंकज कुमार वर्मा सहित समस्त स्टाफ, अभिभावक और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
उधर बांकेगंज ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक और संविलियन विद्यालयों में भी नवारंभ उत्सव मनाया गया। बाल वाटिका में छोटे बच्चों का प्रवेश कराया गया और छह वर्ष के बच्चों को स्कूलों से जोड़ा गया। संविलियन विद्यालय महराज नगर में आयोजित कार्यक्रम में नन्हें-मुन्नों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि शिक्षक संघ अध्यक्ष आशुतोष गिरी ने कहा कि नवारंभ उत्सव बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखता है। इस मौके पर शिक्षक मुकेश वर्मा, पूनम देवी, प्रियंका वर्मा, निकुंज, पंकज गुप्ता, कलामुद्दीन और प्रशांत आदि मौजूद रहे।
ब्लॉक क्षेत्र के महराज नगर स्कूल में बच्चों का सम्मान करते शिक्षक। स्रोत : शिक्षक।