पीड़ित सेल्समैन शिवम कुमार-संवाद
मैगलगंज। क्षेत्र के कल्लुआ मोती गांव में बुधवार रात देसी शराब की दुकान के सेल्समैन शिवम से चार अज्ञात बदमाशों ने लूट की वारदात की। आरोप है कि वे लोग नकदी, मोबाइल फोन और दुकान की बिक्री राशि लेकर भाग गए। पुलिस जांच में जुट गई है।
नगर में कार्यरत ग्राम अमरोलिया निवासी शिवम कुमार रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। कल्लुआ मोती गांव पार कर मुरादपुर मोड़ के समीप पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार चार अज्ञात युवक उनके पास आए। शिवम की बाइक पास आते ही बदमाशों ने उनके गले में मफलर डालकर उन्हें रोक लिया और उनकी जेब से 600 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा बाइक के टूल बॉक्स में रखे लगभग 52 हजार रुपये लूट लिए। लुटेरे धमकी देते हुए कल्लुआ मोती गांव की ओर भाग निकले।
घटना के बाद घायल और भयभीत शिवम कुमार ने पास ही खेत में पानी लगा रहे एक युवक के मोबाइल फोन से 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इस पर फत्तेपुर चौकी इंचार्ज सुशील तिवारी मय फ़ोर्स मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इधर, मामले की तहरीर दुकान स्वामी परशुराम गुप्ता ने दी है। इसके बाद मैगलगंज कोतवाली प्रभारी इंद्रजीत सिंह चौहान ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ मितौली यादवेंद्र यादव ने बताया कि खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।