समग्र लोहिया गांव बैलहा में इन दिनों शौचालय बनवाने का काम चल रहा है। आरोप है कि शौचालय बनने के साथ ही ढह रहे हैं। बैलहा के मजरे जीतपुरवा में दो दिन में दो शौचलयों के लिंटर गिरने की सूचना पर सीडीओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
इस वर्ष बैलहा गांव का समग्र लोहिया गांव के रूप में चयन किया गया है। इसमें 200 शौचालय बनने के लिए 24 लाख रुपये आए हैं। इसी क्रम में बैलहा के मजरे जीतपुरवा में करीब 11 शौचालय बनाए जा रहे हैं। आरोप है कि शौचालयों के निर्माण में दोयम ईंट के साथ खराब सीमेंट और पतली सरिया का प्रयोग किया जा रहा है। इसके चलते दो दिन पहले परमेश्वर के घर बन रहे शौचालय का लिंटर पड़ने के साथ ही गिर गया। इसके अलावा गुरुवार को रामविलास के घर बन रहे शौचालय का लिंटर भी पड़ने के दो दिन बाद भरभराकर गिर गया।
सीडीओ नितीश कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। शौचालय का लिंटर गिरा है तो गलत है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत सेक्रेटरी आकाश अवस्थी ने बताया कि यदि लाभार्थी को शौचालय बनवाने के लिए दिया जाता तो वह गड़बड़ कर देता। इसीलिए उसे बनवाने के लिए जिम्मेदारी हमें सौंपी गई थी। यह सही है कि शौचालय का लिटंर गिरा है। उसे शीघ्र ही ठीक कराया जाएगा।