तहसील गोला गोकर्णनाथ के विकास खंड बांकेगंज की ग्राम पंचायत सरकारगढ़ ग्रंट नंबर 18 में अमर उजाला की चौपाल के लिए जोरों से तैयारियां शुरू हो गई हैं। गांव का सचिवालय रंग पुतकर चमक उठा है।
मालूम हो कि जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अमर उजाला की चौपाल आगामी 20 जनवरी दिन बुधवार को ग्राम पंचायत सरकारगढ़ ग्रंट नंबर 18 में दोपहर 12 बजे से लगेगी। चौपाल में जनता की समस्याओं की सुनवाई के लिए डीएम किंजल सिंह और एसपी अखिलेश चौरसिया समेत सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। मौके पर ही समस्याओं का त्वरित निस्तारण होगा। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रियाज उल्ला खां ने बताया कि चौपाल के लिए बालू से पटाई कर मैदान तैयार हो गया है। साथ ही ग्राम पंचायत के सचिवालय की भी पुताई करा दी गई है।
यह भी हैं प्रमुख समस्याएं
1. बड़ी ग्राम पंचायत होने के बावजूद दूर-दूर तक इंटर कॉलेज नहीं।
2. सड़कों, नालियों और खड़ंजों की स्थिति दयनीय।
3. सरकारगढ़ जाने के लिए खड़ंजा मार्ग ही है।
4. तमाम रास्तों पर खड़ंजा तक नहीं।
5. 13 गांवों में सिर्फ एक सफाई कर्मी।
ग्राम पंचायत से जुड़े हैं यह 13 गांव
ग्राम पंचायत सरकारगढ़ ग्रंट नंबर 18 से मजरा गांव सरकारगढ़, रामपुर, हेमपुर, तलफीपुर, जनकपुर, बाबागंज, बांसबेरिया, सेखवापुर, नेमपुर, बिजोखर, हरिहरपुर, मुरादपुर, छत्तीपुर जुड़े हैं। इन गांवों की जनता को चौपाल से सीधा लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग के लगेंगे कैम्प
चौपाल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल कैम्प, जबकि पशु पालन विभाग के योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए कैम्प लगेगा। सीएमओ डॉ अरुण कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल कैम्प में लोगों को इलाज और दवाएं नि:शुल्क मिलेंगी। लोगों इसमें आकर नि:शुल्क चिकित्सकीय परीक्षण के साथ दवाएं भी ले सकते हैं। उधर सीवीओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि विभाग की योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए चौपाल में कैंप लगाया जाएगा।