लखीमपुर खीरी। निघासन तहसील क्षेत्र के बिनौरा गांव में पकड़ी गई नकली खाद बरामदगी मामले में कृषि विभाग को जहां जांच रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं, कीटनाशक बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को 30 दुकानों की जांच के बाद तीन लाइसेंस निलंबित किए गए।
शनिवार को तहसील गोला व मोहम्मदी में उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्र, धौरहरा, निघासन और पलिया में जिला कृषि रक्षा अधिकारी सत्येंद्र सिंह व सदर व मितौली तहसील में जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी ने छापे मारे। अफसरों ने संयुक्त रूप से कुल 30 दुकानों का निरीक्षण किया। संदिग्ध प्रतीत होने वाले कीटनाशकों में सात का नमूना लिया। उधर, जांच टीम को देखकर भागने की कोशिश करने वाले आठ विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कैश मेमो व बिल आदि न दिखा पाने के साथ ही बिना अधिकार पत्र के व्यापार करने पर कीटनाशक की तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
उधर, सप्ताह भर पहले पकड़ी गई 300 से बोरी संदिग्ध खाद को लेकर कृषि विभाग को जांच नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है। जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी ने बताया कि डीएम के निर्देश पर आरोपी फर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया था। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। 49 बोरी नकली पोटाश मिली थी, जबकि अन्य माल जब्त किया गया था। 15 नमूनों की रिपोर्ट आना शेष है, इसके बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।