लखीमपुर खीरी। ओवररेटिंग, टैगिंग, स्टॉक रजिस्टर पूरा न होने, अफसरों को देख दुकान बंद करने, नोटिस का जवाब न देने सहित कई लापरवाहियां जिले के चार खाद दुकानदारों को भारी पड़ गईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला कृषि अधिकारी ने उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए। विभाग की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह की ओर से की कार्रवाई में बताया गया कि बेहजम ब्लॉक के गौरिया में मेसर्स न्यू वर्मा फर्टिलाइजर की दुकान पर स्टाॅक व बिक्री रजिस्टर अधूरा मिला। पीओएस मशीन व भौतिक सत्यापन में खाद का स्टॉक भिन्न पाया गया।
फूलबेहड़ ब्लाॅक के बालूडीह में स्थित मेसर्स हमारा लखीमपुर फार्मर कंपनी संचालित करने वाला व्यापारी अफसरों को देख दुकान बंद कर भाग गया। इससे दुकान का सत्यापन नहीं हो सका। गड़बड़ी की आंशका पर कार्रवाई की गई।
मोहम्मदी के रेहरिया में मेसर्स सुनील खाद भंडार पर स्टॉक, बिक्री रजिस्टार पूरे न होने, रेड बोर्ड अंकित नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। वहीं, लखीमपुर ब्लाॅक के कलुआपुर में मेसर्स वर्मा फर्टिलाइजर के रजिस्टर पर दर्ज किसानों के मोबाइल नंबरों पर बात की तो उन्होंने ओवररेटिंग की शिकायत की। इस पर शिकंजा कसा गया।