लखीमपुर खीरी। यात्रियों को बस अड्डे पर न छोड़कर बीच रास्ते में उतार देने वाले परिचालकों को शुक्रवार को एआरएम ने निर्देशित किया।
सीतापुर में बस अड्डे के पास ओवरब्रिज निर्माण शुरू होते ही परिवहन निगम ने लखीमपुर-लखनऊ रूट की बसों का किराया बढ़ा दिया। पांच किलोमीटर की दूरी पर सात रुपये की बढ़ोतरी की गई। किराया तो पूरा वसूला जा रहा है, लेकिन कई बस चालक-परिचालक यात्रियों को बस अड्डे तक नहीं पहुंचाते। लखीमपुर डिपो की बस से लखनऊ से सीतापुर आने वाले यात्रियों को सीतापुर में बिजवार बाईपास पर उतारे जाने की शिकायतें मिली हैं।
कई यात्रियों ने चालक-परिचालकों के इस व्यवहार पर विरोध भी जताया। इन शिकायतों के बाद एआरएम मुकेश मेहरोत्रा ने चालक-परिचालकों की क्लास ली। हर हाल में बस अड्डे जाने की हिदायत दी है। एआरएम ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण की वजह से करीब पांच किलोमीटर का चक्कर पड़ रहा है। बस चालकों को सीतापुर बस अड्डे तक जाने को कहा गया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
ट्विटर पर की शिकायत, बस का वीडियो भी बनाया
दो दिन पहले ओमप्रकाश नाम के व्यक्ति ने ट्विटर पर लखीमपुर डिपो की बस का टिकट डालकर शिकायत की थी। बताया कि वह लखनऊ से आया है। चालक ने उसे बिजवार ओवरब्रिज के पास उतार दिया। कहा कि बस, बस अड्डे पर नहीं जाएगी। यात्री ने ओवरब्रिज से जाती हुई बस का वीडियो भी ट्विटर पर साझा किया।