बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज जंगल से सटे चौधीपुर गांव के आसपास सक्रिय तेंदुए ने शनिवार सुबह जमकर उत्पात मचाया। रिहायशी इलाके में घुसा तेंदुआ गांव में खेल रहे दो बच्चों पर झपट पड़ा, लेकिन उनके चीखने-चिल्लाने पर तेंदुआ पास के गन्ने खेत में छिप गया। कुछ देर बाद तेंदुए ने फिर गांव में धावा बोला और इस बार एक पालतू कुत्ते को दबोच कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। अल सुबह हुई इस घटना से गांव के लोग दहशत में आ गए हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के मैलानी रेंज की जटपुरा जंगल और बांकेगंज कस्बे से तीन किलोमीटर दूर चौधीपुर गांव के पास तेंदुआ कई दिनों से सक्रिय है। दो दिन पहले एक बकरी का शिकार करने के बाद तेंदुआ शनिवार सुबह करीब छह बजे फिर गांव में आ धमका। सुबह-सुबह गांव निवासी महेश का बेटा 12 वर्षीय हिमांशु और मनोज का 10 वर्षीय पुत्र बादल गांव की गलियों में खेल रहे थे। इस दौरान तेंदुआ उन पर झपट पड़ा लेकिन गुर्राहट सुनकर बच्चे चीखते हुए भाग निकले। तब तक गांव के लोग इकट्ठा हो गए और उनके शोर मचाने पर तेेंदुआ गांव से सटे एक गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। अब तक लोग सामान्य भी नहीं हो पाए थे कि तेंदुए ने एक बार फिर गांव में धावा बोला। इस बार तेंदुए ने जितेंद्र के पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, लेकिन सूचना के दो घंटे बाद जटपुरा बीट वन कर्मियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
--
यदि होती ठीक से निगरानी तो दोबारा नहीं आता तेंदुआ
तेंदुआ कई दिनों से चौधीपुर गांव के आसपास सक्रिय है। दो दिन पहले एक बकरी का शिकार करने के बाद तेंदुए की निगरानी करने के वन विभाग के दावे खोखले साबित हुए। यदि इस तेंदुए की ठीक से निगरानी होती और इसे जंगल में खदेड़ने के प्रयास किए गए होते तो शायद शनिवार को यह घटना न होती। ग्रामीणों का आरोप है कि वन कर्मी तेंदुए की निगरानी करने में लापरवाही बरत रहे हैं। तेंदुए के डर से बच्चों का खेलना दूभर हो गया है और किसानों की खेती-बाड़ी चौपट हो रही है।
--
तेंदुआ एक या दो, इसको लेकर संशय
चौधीपुर गांव के पास एक तेंदुआ है या दो इसको लेकर संशय बरकरार है। ग्रामीणों ओम प्रकाश, राम बिलास, गुलाब, रामस्वरूप, विनोद सावित्री देवी आदि का कहना है कि गांव के आसपास दो तेंदुए सक्रिय हैं। जिसमें एक नर, दूसरा मादा है। जबकि वन विभाग केवल एक तेंदुआ होने की बात कर रहा है।
--
मैलानी रेंज की जटपुरा बीट जंगल से सटे चौधीपुर गांव के आसपास सक्रिय तेंदुए की निगरानी कई दिनों से लगातार कराई जा रही है। शनिवार सुबह की घटना के बाद निगरानी और अधिक बढ़ा दी गई है।
- डॉ अनिल कुमार पटेल, उपनिदेशक,दुधवा टइगर रिजर्व, बफरजोन।