पलियाकलां। गांव बसंतापुरकलां में गन्ने के खेत में छिपे बैठे तेंदुए ने एक पालतू कुत्ते को अपना निवाला बना लिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ कुत्ते का अधखाया शव छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।
बसंतापुरकलां निवासी कुछ मजदूर अजीत सिंह के फार्म पर गन्ना छीलने गए थे। मजदूरों के साथ एक पालतू कुत्ता भी था। जब मजदूर अपने काम में व्यस्त थे तभी गन्ने के झुरमुट में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अचानक कुत्ते पर पीछे से हमला कर दिया। तेंदुआ जबड़े में जकड़कर गन्ने के घने खेत के अंदर खींच ले गया। मजदूरों और ग्रामीणों द्वारा काफी देर तक शोर-शराबा करने के बाद तेंदुआ कुत्ते के शव को आधा खाकर भाग गया। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची। संवाद