फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: युवक पर झपटा तेंदुआ, बचाने पहुंचे दोस्त पर भी हमला

Fri, 06 Nov 2026 12:35 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
तेंदुए के हमले में घायल हुए युवक के हाथ। संवाद
विज्ञापन
धौरहरा। जटपुरवा ग्राम पंचायत के बदालपुरवा गांव में बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे घर के बाहर लगे नल पर पानी भरने गए मनोज (30) पर तेंदुए ने हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर बचाने पहुंचे मित्र नीरज (32) पर भी तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों के लाठी-डंडे और टॉर्च लेकर पहुंचने पर तेंदुआ दोनों को छोड़कर गन्ने के खेतों की ओर भाग गया।
विज्ञापन

बदालपुरवा निवासी अवधराम के पुत्र मनोज घर से करीब दस मीटर दूर लगे सरकारी नल पर बाल्टी लेकर पानी भरने गए थे। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। मनोज की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले उनके मित्र नेकीराम के पुत्र नीरज डंडा लेकर उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तेंदुए को खदेड़ दिया।
ग्रामीणों ने शारदा नगर पुलिस और धौरहरा वन रेंज को सूचना दी। दोनों घायलों को सीएचसी रमियाबेहड़ ले जाया गया। डॉक्टर ने करीब दो घंटे इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया। सीएचसी के डॉक्टर संतोष वर्मा ने बताया कि दोनों युवकों के शरीर पर पंजों के घाव थे। उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
विज्ञापन

क्षेत्रीय वनाधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। गांव में पिंजरा लगाने की अनुमति मांगी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और वन विभाग की टीम निगरानी कर रही है।
धौरहरा वन रेंज के लौखनिया, जटपुरवा, मल्लबेहड़, चाईपुरवा और बदालपुरवा समेत आसपास के गांवों में तेंदुआ करीब छह महीने से घूम रहा है। जटपुरवा के ग्राम प्रधान अखिलेश वर्मा ने बताया कि गांव की गोशाला में बीते छह महीने में तेंदुआ पांच गोवंशीय पशुओं का शिकार कर चुका है। कुछ दिनों से तेंदुआ दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन बुधवार शाम दो युवकों पर हमले के बाद गांव में फिर दहशत फैल गई है। ग्राम प्रधान ने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।

तेंदुए के हमले में घायल हुए युवक के हाथ। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें