निघासन। गांव बौधिया कलां में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। तीसरे दिन भी तेंदुए ने एक और बछड़े को मार डाला, जिससे ग्रामीणों में दहशत और गहरा गई है। शनिवार को तेंदुए ने गुरमीत यादव के बछड़े को अपना शिकार बनाया। इससे एक दिन पहले तोताराम यादव के बछड़े को मार डाला था, जबकि तीन दिन पूर्व नरेंद्र कुमार उर्फ बुधई यादव के बाड़े में घुसकर पांच नवजात बछड़ों को मार दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से गांव में भय का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोग अपने पशुओं और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। संवाद