वन कर्मियों के हाथ में तेंदुए का शावक
अलीगंज। गोला वन क्षेत्र की पूर्वी बीट के अंतर्गत जमुनाबाद कृषि महाविद्यालय कैंपस में मादा तेंदुए ने शावक को जन्म दिया है। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने शावक को झाड़ियों में छुड़वा कर निगरानी शुरू कर दी है।
शुक्रवार की दोपहर जमुनाबाद फार्म स्थित कृषि महाविद्यालय कैंपस में काम कर रहे लोगों ने झाड़ियों के पास एक से दो दिन के एक शावक को देखा। कॉलेज अधिष्ठाता डॉ. लोकेंद्र सिंह की सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों, वन दरोगा, राम आसरे गुप्ता, अफजाल अनिल शर्मा, अजीत सिंह, अंकित बाबू, वनरक्षक विकास सिंह ने शावक को झाड़ियों में छुड़वा कर निगरानी करनी शुरू कर दी।
रेंजर संजीव कुमार तिवारी ने बताया कि मादा तेंदुए ने उसी स्थान पर शावक जना है, जहां वह मिला है। उसकी उम्र एक से दो दिन प्रतीत हो रही है। जंगल में सुरक्षित जगह न मिलने से मादा तेंदुआ बाहर आ गई है। बच्चा न मिलने पर वह हमलावर हो सकती है। इसलिए शावक को झाड़ियों में छुड़वा दिया गया है, ताकि वह उसे लेकर जंगल में चली जाए। निगरानी में स्टाफ को लगा दिया गया है। कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।