लखीमपुर खीरी के मझगईं क्षेत्र के चौखड़ा फार्म में तेंदुआ और बाघ की दहशत लोगों में कम नहीं हो रही है। गुरुवार देर रात कालू सिंह के मकान में एक तेंदुआ घुस गया। चौखड़ा फार्म निवासी कालू सिंह का दो मंजिला मकान बना है।
जंगली जानवरों के डर से वह परिवार सहित ऊपर रहते हैं। रात करीब 11 बजे जब उन्हें नीचे आहट सुनाई दी तो आंगन में बैठे तेंदुए को देख होश उड़ गए। करीब एक घंटे तक पूरा परिवार सहमा रहा। बाद में शोर मचाने पर बाघ गन्ने के खेत में घुस गया।
इसकी सूचना वनाधिकारियों को दी गई तो रेंजर राममिलन, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के सहायक परियोजनाधिकारी राधेश्याम, पार्क के दरोगा चंद्रप्रकाश यादव, प्रभूदयाल, वाचर नसीबे, आस मोहम्मद आदि मौके पर पहुंचे और तेंदुए के बारे में जानकारी की।
परियोजनाधिकारी राधेश्याम ने बताया कि कालू सिंह के मकान के नीचे नर व मादा तेंदुआ के पगचिह्न मिले हैं जो आसपास भी दिखाई दिए हैं। पगचिह्नों से लगता है कि शिकार की तलाश में वह काफी देर यहीं रहे हैं।
रेंजर के साथ टीम पूरे दिन आसपास गश्त करते हुए तेंदुआ की लोकेशन में जुटी है। उधर, प्राथमिक स्कूल के पास रहने वाले गगनदीप सिंह ने बताया कि नर और मादा तेंदुआ के साथ दो शावक भी चौखड़ा फार्म में घूम रहे हैं और झाले से होकर निकल चुके हैं।