पलियाकलां। इलाके के ऐंठपुर गांव में एक किसान के घर में घुसकर तेंदुआ आंगन में टहल रहे कुत्ते को उठाकर ले गया। ग्रामीणों में इसको लेकर दहशत है।
ऐंठपुर गांव के मोहन सिंह का फार्महाउस के पास गन्ने का खेत है। सोमवार देर रात गन्ने के खेत से होता हुआ एक तेंदुआ मोहन सिंह के घर में घुस गया और आंगन में टहल रहे कुत्ते पर हमला कर दिया। वह कुत्ते को गन्ने के खेत में लेकर चला गया। कुत्ते की आवाज सुनकर मोहन सिंह व अन्य परिजन जाग गए और आंगन में आकर देखा तो वहां पर खून और कुत्ते के बाल पड़े हुए थे।
शोर शराब सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। इधर-उधर छानबीन की तो तेंदुआ के पगचिह्न भी ग्रामीणों को दिखाई दिए। काफी देर तक आसपास लोग गन्ने के खेतों तक लाठी-डंडा लेकर कुत्ते की तलाश में भटकते रहे, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद वन विभाग को मामले की सूचना दी। वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी पहुंचे। उधर, तेंदुआ की आमद से ग्रामीणों में खलबली मच गई।