गोला गोकर्णनाथ। नगर के मध्य सतौती तालाब से जाने वाले मुख्य नाले को भू-माफिया ने रातोंरात पाट दिया। जानकारी होने पर नगर पालिका अध्यक्ष, ईओ और क्षेत्रीय लेखपाल की टीम मौके पर पहुंची और नाले को खुलवाने का काम शुरू कराया गया।
नगर के मध्य सतौती तालाब पटने से शहर में बरसाती पानी के भराव की समस्या विकराल हो गई है। आधे से अधिक नगर के पानी का निकास और बरसाती पानी का बहाव कई एकड़ फैले सतौती नाले में होता है। तालाब के पाटे जाने से अधिकांश नाले पट गए हैं। पानी बहाव एवं निकास अवरुद्ध होने के कारण 15 मिनट की बरसात भी भारी पड़ जाती है।
नगर की मिल डायवर्जन रोड, कुम्हारन टोला, हमीद मार्केट और मेला मैदान आदि स्थान तालाब बन जाते हैं। आलम यह है कि शिव मंदिर को जाने वाला प्रमुख मार्ग ओवरफ्लो हो जाता है। इससे बरसाती पानी तीर्थ में बहने लगता है। सतौती तालाब हमेशा से भूमाफिया के निशाने पर रहा है। बुधवार की रात किसी ने कब्जा करने की नीयत से सतौती तालाब से निकले तीन लट्ठा चौड़े नाले को मिट्टी से पाटा दिया। सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद में खलबली मच गई। मौके पर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू, ईओ सुरेंद्र कुमार और क्षेत्रीय लेखपाल जयप्रकाश वर्मा आदि ने खुदाई कराकर नाले की सफाई शुरू कराई।