गोला के स्टेडियम में फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच खेलती टीमें। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। श्रीराजेंद्र गिरि स्टेडियम में शुरू हुए चार दिवसीय गोला चैंपियन कप फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत लखीमपुर टीम की जीत से हुई। रविवार को उद्घाटन मैच में लखीमपुर ने घोसियाना बी को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया। दूसरे मुकाबले में सिंघाई टीम भी पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से विजयी रही।
रविवार दोपहर टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि गोला पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक बीए खान और विशिष्ट अतिथि मधुसूदन गिरि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर कराया। पहला मैच घोसियाना बी और लखीमपुर टीम के बीच हुआ। निर्धारित 35 मिनट में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में लखीमपुर ने 5-4 से जीत दर्ज की।
इसके बाद ईदगाह और सिंघाई टीम के बीच मुकाबला हुआ। निर्धारित समय में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। पेनल्टी शूटआउट में सिंघाई ने 5-4 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मौके पर पंकज गुप्ता, जैनुद्दीन, तौफीक, शालू, अन्नू दीक्षित आदि मौजूद रहे।