फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गन्ना पर्यवेक्षक को बंधक बनाकर पीटा, फिर फर्जी सर्वे दर्ज कराया

विज्ञापन
मारपीट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भीरा थाना के गांव रुद्रपुर का मामला, आरोपी पिता-पुत्र पर रिपोर्ट दर्ज
विज्ञापन

सर्वे के दौरान जबरन खेत को शरदकालीन में दर्ज कराया

लखीमपुर खीरी। भीरा थाना के गांव रुद्रपुर में गन्ना खेतों का सर्वे करने गए पर्यवेक्षक व उसके साथ मिल कर्मी को दबंगों ने बंधक बनाकर पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी देकर फर्जी सर्वे अंकित करा लिया। इसके बाद ही पर्यवेक्षक व मिल कर्मी को छोड़ा, जिससे भयभीत पर्यवेक्षक ने घटना की सूचना जिला गन्ना अधिकारी को दी। पुलिस ने इस मामले में गन्ना पर्यवेक्षक की तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सभी मिल क्षेत्रों में गन्ना सर्वे का काम चल रहा है, जिससे गुलरिया मिल क्षेत्र के गांव रुद्रपुर में शुक्रवार को गन्ना सर्वे करने के लिए गन्ना पर्यवेक्षक रामदुलारे और मिल कर्मचारी मुनौवर अली गांव पहुंचे थे। पुलिस को दी तहरीर में रामदुलारे ने बताया है कि सर्वे के दौरान प्लॉट संख्या 276 रकबा 0.533 हेक्टेअर में पौधा गन्ना को दर्ज किया गया, जो किसान रामनारायन के नाम है। मौके पर मौजूद किसान के पुत्र कृष्ण कन्हैया और पोता जंगबहादुर ने प्लाट को शरदकालीन सर्वे में दर्ज करने के लिए कहा, तो पर्यवेक्षक व उसके साथी ने ऐसा करने से मना कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

आरोप है कि इसके बाद कृष्ण कन्हैया और जंगबहादुर उग्र हो गए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। मोबाइल छीनकर दोनों कर्मचारियों को बंधक बना लिया और मारपीट कर जबरन सर्वे में प्लॉट को शरदकालीन में दर्ज करा लिया। इसके बाद आरोपियों ने दोनों कर्मचारियों को छोड़ा। कर्मचारियों ने अपने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों ने भीरा थाने में आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी कृष्ण कन्हैया और जंगबहादुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और पिटाई से चोटिल गन्ना पर्यवेक्षक का मेडिकल कराया है।

फर्जी सर्वे न करने के कारण गन्ना विकास परिषद गुलरिया के गन्ना पर्यवेक्षक रामदुलारे के साथ अराजक तत्वों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गन्ना सर्वे टीम के साथ अभद्रता या मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - ब्रजेश कुमार पटेल, जिला गन्ना अधिकारी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें