इकरा को छत पर सांप ने डसा
डॉक्टरों ने युवती को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक, निघासन कस्बे के निवासी शाहिद की 18 वर्षीय बेटी इकरा रविवार शाम घर की छत पर थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। युवती की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल सीएचसी लेकर पहुंचे। इधर, सांप दीवार में घुस गया था। युवती के चाचा इश्तियाक ने दीवार तोड़कर सांप को बाहर निकाला और उसे पकड़कर डिब्बे में बंद कर लिया। इसके बाद वह सांप को लेकर अस्पताल पहुंच गया।
डिब्बे में बंद सांप को देखकर सब हैरान हुए
अस्पताल में डिब्बे के अंदर सांप देखकर लोग हैरान रह गए। डॉक्टरों ने सांप को देखकर युवती का प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
खतरे से बाहर है इकरा
सीएचसी के डॉक्टर देव राज राना ने बताया कि युवती को सांप ने डसा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, इश्तियाक ने बताया कि सांप को दीवार तोड़कर बाहर निकालने के बाद डिब्बे में बंद किया गया था, ताकि डॉक्टर उसकी पहचान कर इलाज कर सकें। परिजनों के मुताबिक, युवती की हालत अब खतरे से बाहर है।