लखीमपुर खीरी। जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से रॉयल फूड्स डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित अंडर-16 स्वर्गीय अमिय त्रिपाठी मेमोरियल इंटर अकादमी लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को टीपीआरएस क्रिकेट अकादमी और लखीमपुर क्रिकेट अकादमी के बीच मुकाबला खेला गया।
टीपीआरएस क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखीमपुर क्रिकेट अकादमी ने 25 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। टीम की ओर से प्रांज्वल ने 70 रन और तनय रस्तोगी ने 48 रनों का योगदान दिया। टीपीआरएस की ओर से गेंदबाज मानस मिश्र और अमन ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीपीआरएस क्रिकेट अकादमी की टीम 114 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से राघव ने 27 रन और मो. सैफ ने 15 रन बनाए। लखीमपुर क्रिकेट अकादमी के हार्दिक ने तीन विकेट जबकि सुमित ने दो विकेट झटके।
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रांज्वल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार अनुज त्रिवेदी ने प्रदान किया। प्रतियोगिता के दौरान अभिषेक शुक्ला, अनुपम त्रिपाठी, रश्मि त्रिपाठी, पारिजात त्रिपाठी, रामजी कश्यप, मसीह अहमद, नीरज शुक्ला, श्याम मोहन श्रीवास्तव और रवि शंकर तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।