फरधान। ग्राम पंचायत मन्योरा में कोटेदार चयन प्रक्रिया में प्रत्याशियों के बीच विवाद के चलते चयन प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी। अगली बैठक अभी तय नहीं हुई है।
गांव मन्यौरा में मंगलवार को सरकारी राशन की दुकान के लिए खुली बैठक का आयोजन किया जाना था। बैठक शुरू होने से पहले ही चुनाव प्रक्रिया में सम्मिलित प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया। प्रत्याशियों का आरोप है कि चयन प्रक्रिया का समय सुबह 11 बजे से होकी थी, लेकिन ग्राम प्रधान रामप्रसाद ने सुबह आठ बजे से चयन प्रक्रिया शुरू करा दी।
चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए नियुक्त अधिकारी अपर खंड विकास अधिकारी आकाश अवस्थी भी नहीं पहुंचे। इसको लेकर ग्राम पंचायत सचिव कौशल किशोर ने चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी। प्रत्याशियों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया के लिए लाए गए बॉक्स में कुछ पर्ची पहले से ही पड़ी थीं। इसको लेकर मौजूद प्रत्याशियों ने आपत्ति जताई थी।
विवाद की सूचना पाकर मौके पर फरधान पुलिस पहुंच गई और मामला शांत कराया। सचिव कौशल किशोर ने बताया कि विवाद के चलते चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है। कोटेदार चयन के लिए दोबारा तिथि निर्धारित की जाएगी। संवाद