फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान यात्रा रोके जाने से भड़के सपाई.. कई नजरबंद, कई गिरफ्तार

विज्ञापन
लखीमपुर में सपा कार्यालय पर जुलूस निकालने के दौरान पुलिस से नोकझोंक करते सपाई। संवाद - फोटो : LAKHIMPUR
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। कृषि कानूनों के विरोध में निकाली जा रही किसान यात्रा को रोके जाने पर जिले भर के सपा कार्यकर्ता भड़क गए, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने हिदायतनगर और छाउछ चौराहा पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका, जबकि पुलिस से बचते हुए कई कार्यकर्ता डीएम कार्यालय पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। इस दौरान सपाइयों ने जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी भी की। जिले में सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नजरबंद कर 60 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उनका कोविड टेस्ट करवाया। सपा ने इसे सरकार की तानाशाही और लोकतंत्र की हत्या करार दिया है।
विज्ञापन

किसानों के समर्थन में सपा ने सोमवार को किसान यात्रा निकाले जाने का आह्वान किया था। इसको लेकर हरकत में आई पुलिस ने रविवार की रात से ही सपा नेताओं के घरों पर ताबड़तोड़ छापे मारने शुरू कर दिए। पुलिस ने एमएलसी शशांक यादव, पूर्व विधायक विनय तिवारी, यशपाल चौधरी, मितौली में पूर्व विधायक सुनील लाला समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया। गोला में सपा छात्रसभा के जिलाध्यक्ष आकाश लाला को पुलिस ने हिरासत में लिया। हालांकि पुलिस की कड़ी चौकसी को धता बताते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लोहिया भवन पर एकत्र होने लगे। इस पर सीओ सिटी समेत कई अफसर पुलिस के साथ वहीं डट गए। कार्यकर्ताओं ने जब किसान यात्रा निकालने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिससे कार्यकर्ता भड़क गए और वहीं सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन कर सरकार के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्कामुक्की भी हुई। इस बीच कुछ कार्यकर्ता पुलिस से बचकर हिदायतनगर चौराहा और छाउछ चौराहा पहुंचे और वहां मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और नजर बचाकर डीएम दफ्तर पहुंचते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस ने सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मोहम्मद कयूम, पूर्व सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा, रामसरन, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष रियाजुल्ला खान समेत करीब 60 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को पुलिस लाइन के एक हॉल में रखा गया है। इधर मोहम्मदी में भी सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में टकराव हुआ। पुलिस ने इकरार खां, सगीर आलम, अब्बास नकवी आदि को गिरफ्तार कर लिया। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मोहम्मद कयूम ने बताया कि हमारे सभी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष गिरफ्तार कर लिए गए हैं। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों की जमीन का सौदा करने पर आमादा है।
गोला गोकर्णनाथ। यहां सपा कार्यकर्ता आकाश लाला, वारिस अली, मोहम्मद आरिफ, पंकज लाल, रजत गुप्ता, प्रभात गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर शांतिभंग में पाबंद किया।
विज्ञापन

निघासन। यहां ढखेरवा चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर सपाइयों को पुलिस ने रोक लिया। वरिष्ठ सपा नेता धनीराम मौर्य, हिमांशु पटेल आदि की गिरफ्तारी हुई। पुलिस के गिरफ्तार करने के बावजूद हिमांशु पटेल सपा का झंडा हवा में लहराते हुए थाने पहुंचे। उधर पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल अपने कुछ समर्थकों के साथ सदर चौराहे पर पहुंचे और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सपा के प्रदर्शन से चौराहे पर जाम लग गया। पुलिस ने पहले तो सपाइयों को समझाने का प्रयास किया जब वह नहीं मानें तो अनुराग पटेल, युवा नेता मनोज वर्मा को पुलिस ने जबरन गाड़ी में बैठा लिया। पुलिस ने यहां पहले से करीब 100 सपाइयों को थाने में नजरबंद कर दिया था।
तिकुनियां। यहां पर प्रसपा के राष्ट्रीय महासचिव राजीव गुप्ता, सपा नेता ओमकार सिंह समेत करीब दो दर्जन से अधिक सपाइयों को नजरबंद किया गया।
पलियाकलां। यहां सपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष समेत कई सपा नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। विरोध में सपाइयों ने नारेबाजी की।
बिझौली। पूर्व विधायक रामसरन को पुलिस ने सुबह उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। कार्यकर्ता जन्मेजय यादव प्रशासन को चकमा देकर कई कार्यकर्ताओं के साथ रुकुंदीपुर पहुंचे, जहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेश चंद्र कनौजिया, जन्मेजय यादव, जितेंद्र वर्मा आदि ने कार्यकर्ताओं के साथ किसान रथ यात्रा निकाली और गिरफ्तारी दी।
पिपरिया धनी। थाना मोहम्मदी के अंतर्गत रेहरिया चौकी क्षेत्र में रायपुर गांव में रहने वाले शिवेंद्र यादव उर्फ मोनू को नजरबंद किया गया।
ममरी। हैदराबाद थाना पुलिस ने ग्राम धिरावां निवासी सपा कार्यकर्ता शोएब अंसारी को थाना लाकर नजर बंद किया।
गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के पड़रिया तुला, मुड़िया हेमसिंह और भीरा से आठ लोगों को नजरबंद किया गया। भीरा एसओ अजयराय ने बताया कि सपा नेता जेडी अंसारी, आशुतोष त्रिपाठी के नेतृत्व में किसान आंदोलन के लिए जाते समय नजरबंद किए गए।
बिजुआ। आरपी चौधरी को घर पर ही नजरबंद कर दिया गया। गुरमीत सिंह धामी, जेडी अंसारी, फारुख लियाकती, दिलशाद कादरी, अमन बाथम, मंजूर अली बरकाती, मो. असलम, इश्तियाक खां, अब्दुल अजीज, जाबिर, समेत करीब 23 लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने आ गई।
-
हिरासत में लिए गए सपाइयों का कराया कोविड टेस्ट
लखीमपुर खीरी। शहर में विभिन्न स्थानों पर धरना-प्रदर्शन करने वाले हिरासत में लिए गए करीब 60 से अधिक सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन के एक हाल में रोका गया है। पुलिस ने डॉक्टरों की टीम बुलाकर जब सभी का कोविड-19 टेस्ट करना शुरू किया तो कई कार्यकर्ताओं जेल जाने को लेकर आशंकित हो गए। सीओ सिटी एसएन सिंह ने बताया कि कोविड जांच के बाद ही गिरफ्तार सपाइयों की सही संख्या साफ हो सकेगी।
-
पद यात्रा निकालने में सफल रहे कार्यकर्ता
अमीरनगर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध और किसानों के समर्थन में गोला विधानसभा के पूर्व विधायक विनय तिवारी अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस को चकमा देकर किसान पद यात्रा लेकर अमीरनगर में पहुंचे। सीओ मोहम्मदी ने फोर्स के साथ पहुंच कर किसान पदयात्रा को रोकने का प्रयास किया। सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रशासन ने आगे नहीं बढ़ने दिया। पूर्व विधायक के साथ कार्यकर्ताओं ने रोड पर ही बैठकर नारेबाजी की ओर पुलिस चौकी जाकर गिरफ्तारी दी।
विज्ञापन

मैलानी। पुलिस ने सपा जिला महासचिव नरेश यादव और पलिया विधानसभा सपा प्रत्याशी और पूर्व चैयरमैन अनीता यादव को नजरबंद किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें