ग्राम रंगीला नगर में एक ईंटा भरी ट्राली पकड़ी ,प्रशासन की सुपुर्दगी में दिया गया।
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश ईट निर्माता समिति लखनऊ के आह्वान पर सोमवार से ईंट भट्ठा स्वामियों की हड़ताल शुरू हो गई है। सोमवार को ईंट की खरीद-फरोख्त का काम बंद रहा।
कुछ ईंट भट्ठा स्वामियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंट को ग्राहक के पास भेजने का प्रयास किया, तो ईंट निर्माता समिति के पदाधिकारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रास्ते में ही पकड़ लिया। इसे बाद में वापस ईंट भट्ठे पर इस शर्त के साथ भेजा कि हड़ताल में पूरा सहयोग करेंगे। साथ ही पदाधिकारियों ने ईट भट्ठा स्वामियों को चेतावनी भी दी कि यदि हड़ताल अवधि में 17 सितंबर तक ईंट बिक्री की गई, तो उसे जब्त कर पैसा यूनियन रखेगी।
रंगीलानगर में ईंट भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को महामंत्री सुयश अग्रवाल ने पकड़ा भी, जिसे बाद में वापस भट्ठे पर भेजा गया। समिति के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र सिंह ने बताया कि हड़ताल के माध्यम से ईंट भट्ठा स्वामी जीएसटी बढ़ोतरी व कोयला नीति में संशोधन की मांग कर रहे हैं, ताकि ईंट कारोबारियों की समस्याओं का निदान हो सके।