लखीमपुर खीरी। सीएम डैशबोर्ड की ओर से जारी अक्तूबर माह की रिपोर्ट में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर में काफी सुधार देखने को मिला है। सितंबर की अपेक्षा अक्तूबर में लखीमपुर को चिकित्सा क्षेत्र में मंडल में पहला और प्रदेश में पांचवां स्थान मिला है।
यह रैंकिंग प्रसव पूर्व गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, नवजात बच्चों के टीकाकरण, आशा बहुओं के भुगतान, महिला व पुरुष नसबंदी और गर्भ निरोधक साधन समेत 13 मापदंडों के आधार पर जारी होती है। सितंबर में लखीमपुर काे प्रदेश में 12वां स्थान मिला था, अब जिला पांचवें स्थान पर आ गया है। वहीं प्रदेेश में वाराणसी पहले, प्रयागराज दूसरे, हाथरस तीसरे और महाराजगंज चौथे स्थान पर है।
डीपीएम अनिल यादव ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने में आशा, एएनएम, संगिनी और बीएमए आदि का विशेष सहयोग रहा है। जिले में सीएचसी, पीएचसी पर लंबे समय से डॉक्टरों की कमी थी, जिसे ध्यान में रखकर संविदा पर 15 नए डॉक्टरों की भर्ती की गई है। वहीं पलिया, गोला सहित सभी सीएचसी पर ईसीजी की सुविधा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देशन में जिले को यह उपलब्धि मिली है। आगे और अच्छी रैंकिंग लाने का प्रयास किया जाएगा।