2016 बैच के दरोगाओं ने पुलिस लाइन में दर्ज करा दी आमद
एक-दो दिन में थानों पर मिल सकती है तैनाती
हाल ही में ट्रेनिंग पास करने वाले 2016 बैच के 35 दरोगा खीरी पुलिस में शामिल हो गए। इन दरोगाओं ने पुलिस लाइन में आमद दर्ज करा दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि एक-दो दिन में इन दरोगाओं को विभिन्न थानों पर तैनाती मिल जाएगी।
खीरी जिला सिपाहियों और दरोगाओं की कमी से पहले से जूझ रहा है। जिले में सदर, तिकुनियां, मोहम्मदी, धौरहरा, गोला सहित पांच कोतवाली, 16 थाना और पांच रिपोर्टिंग चौकी हैं। कोतवाली से लेकर थानों तक दरोगाओं की भारी कमी है। बीते दिनों मुरादाबाद और मेरठ ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनिंग पास करने वाले वर्ष 2016 बैच के 35 दरोगाओं को खीरी जिले में भेजा गया है। इन सभी दरोगाओं ने बृहस्पतिवार की शाम चार बजे तक आमद भी दर्ज करा ली है। दरोगाओं के शामिल होने से कमी का संकट झेल रही खीरी पुलिस को काफी राहत मिलेगी। उम्मीद है कि एसपी डॉ. एस चन्नप्पा एक-दो दिन में नए दरोगाओं को थानों और कोतवाली में तैनाती करेंगे। इसको लेकर एसपी ने नवागत दरोगाओं की सूची भी तलब की है। प्रतिसार निरीक्षक फूलचंद ने बताया कि ट्रेनिंग पूरी करने के बाद 35 दरोगाओं ने पुलिस लाइन में आमद कराई है जिसकी सूची एसपी को भेज दी गई है।