खमरिया। अवैध खनन में पुलिस की संलिप्तता तब उजागर हो गई, जब खनन के बदले थाने में लेनदेन को लेकर एक ट्रैक्टर संचालक से विवाद हो गया। विवाद के बाद थाना प्रभारी खमरिया ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज करने की कार्रवाई की तो अवैध वसूली की शिकायत सीएम पोर्टल के माध्यम से सीओ, एसपी और मुख्यमंत्री तक पहुंच गई। एसपी ने इस मामले की जांच एएसपी को दी है।
थाना क्षेत्र के शेरपुर निवासी पंकज कुमार उर्फ पिंकू ने थानाध्यक्ष खमरिया विवेक कुमार उपाध्याय व थाने की गाड़ी चलाने वाले सिपाही जयकुमार पर पैसा लेकर अवैध खनन कराने और बालू का काम करने वालों का शोषण करने का आरोप लगाते हुए सीओ धौरहरा पीपी सिंह, एसपी खीरी गणेश प्रसाद साहा सहित मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई है।
पीड़ित का आरोप है कि थानाध्यक्ष खमरिया की सहमति से एक महीने में सिपाही जय सिंह ने मिट्टी व बालू खनन कराने के एवज में 50,000 रुपये लिए, लेकिन जय सिंह ने और पैसों की मांग की। मांग पूरी न होने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज कर दी। फर्जी तरीके से जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित का दावा है कि पीड़ित के पास अवैध खनन में खमरिया पुलिस की संलिप्तता के साक्ष्य मौजूद है और तहरीर के साथ अधिकारियों को सौंपे गए है।
मामले की जानकारी हुई है। जांच एएसपी पवन गौतम को दी गई। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
गणेश प्रसाद साहा एसपी