किसान की उपज में नहीं कटेगा कर्दा: स्वाति सिंह
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर बचाव कार्य देखे
प्रदेश सरकार की बाढ़ नियंत्रण, कृषि विपणन और महिला कल्याण राज्यमंत्री स्वाति सिंह ने जिला भ्रमण के दौरान राजापुर मंडी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों में 15 जून से पहले बचाव कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। वहीं मंडी में सब्जी एवं फल विक्रेताओं की दुकानों का जायजा लेने के साथ गेहूं खरीद की जानकारी ली।
स्वाति सिंह किसानों से रूबरू हुईं और मंडी में स्थापित अनाज मंडी में पहुंचकर किसानों से सीधे वार्ता कर उनकी समस्याएं जानी और निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नीलामी प्रक्रिया मानक के अनुरूप कराई जाए। जिससे किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिल सके। किसानों के अनाज बिक्री में प्रति क्विंटल काटे जाने वाले कर्दे को गलत बताते हुए कहा तत्काल कर्दे की कटौती प्रक्रिया बंद की जाए।
मंडी निरीक्षण के दौरान विधायक योगेश वर्मा, मंजू त्यागी, डिप्टी डायरेक्टर मंडी लखनऊ मंडल मंजू मिश्रा, मंडी सचिव सीतापुर ज्योति चौधरी, एसडीएम आलोक वर्मा समेत तमाम किसान मौजूद रहे।
राज्यमंत्री स्वाति सिंह ने ब्लाक फूलबेहड़ में शारदा नदी के किनारे स्थित ग्राम गूम पहुंची। बाढ़, कटान प्रभावित स्थलों का दौरा किया। मंत्री के पूछने पर अधिशासी अभियंता दुष्यंत कुमार ने बताया कि इस स्थल की सुरक्षा के लिए 24 स्टेड की एक परियोजना लागत 304 लाख की प्रमुख अभियंता कार्यालय में पेश की जा चुकी है जो आगामी बैठकों में अनुमोदन के लिए प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ से बचाव के काम 15 जून के पहले पूरे कर लें ताकि गांवों को बाढ़ की विभीषिका से बचाया जा सके। इस मौके पर उन्होंने एक एक कर ग्रामवासियों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दिए।