लखीमपुर खीरी। सावन के दूसरे सोमवार को जिलेभर के शिवालय हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। शहर के प्राचीन भुईफोरवानाथ मंदिर में सुबह से दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। जंगलीनाथ, लिलौटीनाथ और ओयल के प्रसिद्ध मेढ़क मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची।
चंदनचौकी क्षेत्र के सुंदरा बिरिया गांव स्थित शिव गंगा तट पर भाजपा की ओर से आरती और भंडारे का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के साथ भोलेनाथ की आरती की और कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भंडारे में अरविंद गुप्ता ने थारू जनजाति के लोगों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
मिताैली क्षेत्र के ग्राम रतहरी स्थित कठिना नदी के पौराणिक बाबा कष्ट हरन धाम मंदिर में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व राज्यसभा सांसद जुगलकिशोर के सौजन्य से भंडारा कराया गया।
महेवागंज के बाबा श्री लिलौटी नाथ शिवधाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। देर रात से दर्शन के लिए कतार लग गई। कपाट खुलते ही हर-हर महादेव की गूंज के बीच जलाभिषेक शुरू हुआ।
तिकुनिया के सिंगहा कलां स्थित श्री सिद्ध बाबा मंदिर में अयोध्या धाम से डाक कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्तों ने सरयू नदी का जल शिवलिंग पर चढ़ाया। मोटे बाबा स्थित सरयू नदी से भी श्रद्धालुओं ने कांवड़ में जल भरकर बाबा के दरबार में अर्पित किया। मंदिर परिसर में भंडारा भी चला।
ममरी के अहमदनगर स्थित प्राचीन क्लेश हरण मंदिर में दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। ओयल के मोहल्ला शिवाला स्थित नर्मदेश्वर महादेव मेंढक मंदिर में ब्रह्ममुहूर्त में कपाट खुलते ही हजारों शिवभक्त और कांवड़िये कतारबद्ध हो गए। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के बीच जलाभिषेक हुआ।
खमरिया थाना क्षेत्र में ऐरा पुल के पास प्रसिद्ध जंगलीनाथ मंदिर में सुबह करीब पांच बजे से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
-
अयोध्या से डाक कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्त
तिकुनिया। सावन के दूसरे सोमवार सिंगहा कलां स्थित श्री सिद्ध बाबा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। अयोध्या धाम से डाक कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्तों ने सरयू नदी का पवित्र जल शिवलिंग पर अर्पित कर जलाभिषेक किया। मोटे बाबा स्थित सरयू नदी से भी श्रद्धालुओं ने कांवड़ में जल भरकर बाबा के दरबार में चढ़ाया। संवाद
-
नन्हे कदमों से निकाली बाल कांवड़ यात्रा
बरबर/पसगवां। सावन के पावन सोमवार पर मां भू देवी सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर बरवर में बाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों ने कांवड़ में पवित्र गंगाजल भरकर बरवर के प्राचीन श्री भूरियानाथ शिव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत गंगाजल से अभिषेक किया। संवाद
-
गोला जा रहे कांवड़ियों पर संसारपुर में पुष्पवर्षा
संसारपुर। श्रावण मास के दूसरे सोमवार छोटीकाशी गोला के शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ियों का जय श्री श्याम दीवाने सेवा समिति ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। समिति के पदाधिकारियों ने नगर पालिका परिषद गोला के चेयरमैन विजय शुक्ला ‘रिंकू’ के साथ सिनेमा चौराहे पर कांवड़ियों का अभिनंदन किया। इस मौके पर दीपक राजपूत, अजय गुप्ता, अनिल जलोटा, मयंक माहेश्वरी आदि मौजूद रहे। संवाद
-
कांवड़ियों की सेवा में बांटा शर्बत और ठंडाई
बिजुआ। श्रावण मास के दूसरे सोमवार समाजसेवियों ने कांवड़ियों के लिए भंडारे, शर्बत, ठंडाई और शीतल जल की व्यवस्था की। भाजपा नेता दिनेश गुप्ता ने पड़रिया तुला स्थित अपने प्रतिष्ठान पर ठंडाई और शीतल मीठा जल वितरित किया। मंझोरा चौराहे पर आलोक ने पूड़ी-सब्जी का भंडारा कराया, जहां सैकड़ों कांवड़ियों और राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया। संवाद
-
हर-हर महादेव के जयकारों के साथ निकले कांवड़ियों के जत्थे
बिजुआ। श्रावण मास के दूसरे सोमवार क्षेत्र में शिवभक्ति का माहौल रहा। पड़रिया तुला से करीब 100 कांवड़ियों का जत्था बाबा टेढ़ेनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। मुड़िया हेमसिंह से द्वितीय डाक कांवड़ यात्रा निकली। रविवार शाम पड़रिया तुला मुख्य चौराहे से ट्रॉली से करीब सौ कांवड़िये बाबा टेढ़ेनाथ धाम के लिए रवाना हुए। सोमवार को उन्होंने बाबा के दरबार में जलाभिषेक किया। उधर, मुड़िया हेमसिंह से निकली द्वितीय डाक कांवड़ यात्रा से पहले कांवड़ियों ने रामनगर स्थित शारदा घाट से पवित्र जल भरा। इसके बाद माता जी और शिव-शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाबा लिलौटीनाथ धाम के लिए रवाना हुए। संवाद
-
108 फुट ऊंचे शिवलिंग मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़
धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाली संवत के अनुसार धनगढ़ी में सावन के चौथे और अंतिम सोमवार शिवपुरी धाम के 108 फुट ऊंचे शिवलिंग मंदिर, बेहड़ा बाबा मंदिर समेत धनगढ़ी-कैलाली जिले के सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। धनगढ़ी उपमहानगर के वार्ड चार स्थित शिवपुरी धाम मंदिर और धनगढ़ी से करीब 12 किलोमीटर दूर वार्ड 16 के रामपुर गांव स्थित प्रसिद्ध बेहड़ा बाबा मंदिर में सुबह से भक्त पहुंचे। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, भांग, दूध-दही, शहद, गंगाजल, फल-फूल और प्रसाद चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। संवाद
बरबर में बच्चों की कांवड़ यात्रा। संवाद
बरबर में बच्चों की कांवड़ यात्रा। संवाद
बरबर में बच्चों की कांवड़ यात्रा। संवाद
बरबर में बच्चों की कांवड़ यात्रा। संवाद
बरबर में बच्चों की कांवड़ यात्रा। संवाद
बरबर में बच्चों की कांवड़ यात्रा। संवाद
बरबर में बच्चों की कांवड़ यात्रा। संवाद
बरबर में बच्चों की कांवड़ यात्रा। संवाद