लखीमपुर खीरी। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज नारी सशक्तीकरण वर्ष मना रहा है। इसके तहत बृहस्पतिवार को बेलरायां कस्बे के क्लेश हरण मंदिर परिसर 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इसके लिए गायत्री परिवार की महिलाओं ने कस्बे में कलश शोभायात्रा निकाली। महायज्ञ का समापन सामूहिक विवाह संस्कार के साथ रविवार को होगा।
गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के अनुराग मौर्य ने बताया कि कलश यात्रा आयोजन स्थल की यज्ञशाला से शुरू हुई। यात्रा में शामिल महिलाओं ने मोतीपुर गांव पहुंचकर सरयू नदी का जल कलश में भरकर आयोजन स्थल पहुंची। इसमें भैरमपुर, हरद्वाही, तकियापुरवा, मोतीपुर, निंबौरिया, उमरा, चितिहा, बनवीरपुर, भूलनपुर आदि कई गांव की हजारों महिलाएं पीले वस्त्र पहनकर शामिल हुई। पीले वस्त्रों में पीले कलश सिर पर रखकर निकली महिलाओं से माहौल भक्तिमय हो गया।
गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के साथ नेहरू कन्या इंटर कॉलेज की एनसीसी कैडेट्स व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने भी सहयोग दिया। शांतिकुंज से आए टोली नायक योगेश पटेल,विकास भाई ब्रह्मभट्ट, महादेव, मानू कुमार एवं अरुण वरवड़े ने कलश पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया। यज्ञ आयोजन मंडल के लक्ष्मीनारायण वर्मा ने बताया चार दिवसीय आयोजन में रोजाना 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं अन्य संस्कार होंगे।
18 नवंबर की सुबह युवा सम्मेलन और शाम को दीप महायज्ञ होगा। रविवार 19 नवंबर को पूर्णाहुति के साथ सामूहिक विवाह संस्कार के साथ समापन होगा। कलश यात्रा में लक्ष्मी नारायण वर्मा, शिरोमणि शुक्ला, सुरेश दिनकर, अवधेश वर्मा, खजानपाल, छोटेलाल वर्मा, रमाकांत दिनकर, धनंजय वर्मा, छोटेलाल वर्मा, ममता वर्मा, ऊषा वर्मा आदि मौजूद रहीं।