गौरीफंटा-पलिया। एसएसबी के महानिरीक्षक (आईजी) श्याम सुंदर चतुर्वेदी ने मंगलवार सुबह गौरीफंटा बॉर्डर पर नकली करेंसी, सामान तस्करी के हालात समझने की कोशिश की। उन्होंने एसएसबी चौकी पर तैनात अन्य एजेंसियों के अधिकारियों के साथ भी वार्ता की। इसके साथ ही नेपाल के अधिकारियों और एनजीओ संस्था के साथ वार्ता कर बॉर्डर पर नकली नोटों समेत प्रतिबंधित सामान की तस्करी रोकने की उपाय साझा किए। एसएसबी जवानों को तस्करी रोकने के लिए सख्ती बरतने की हिदायत दी।
एसएसबी के महानिरीक्षक (आईजी) श्याम सुंदर चतुर्वेदी मंगलवार की सुबह नौ बजे गौरीफंटा बॉर्डर पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने एसएसबी की गौरीफंटा चौकी का निरीक्षण किया। बॉर्डर पर पहुंचकर कर बॉर्डर पर तैनात एसएसबी की महिला आरक्षी से जानकारी ली कि यहां पर ड्यूटी के दौरान कोई समस्या तो नहीं है। नेपाल से आने-जाने वाले नागरिकों की चेकिंग के बारे में भी जानकारी ली गई। इसके बाद नेपाल बॉर्डर पर मानव तस्करी को रोकने के लिए शांति पुर्नस्थापना संस्था की पार्वती चौधरी से नेपाल में होने वाली मानव तस्करी के बारे में पूछता। कौन-कौन किस तरीके से मानव तस्करी को अंजाम दे रहा है, नेपाल में कितने एनजीओ हैं इसके बारे में जानकारी हासिल की। इसके अलावा सीमा के अधिकारियों के साथ वार्ता की और अपने जवानों को अवैध घुसपैठ, मादक पदार्थों, नकली करेंसी, मानव तस्करी तथा हथियारों की तस्करी की रोकथाम के भी निर्देश दिए। एसएसबी कमानडेंट मुन्ना सिंह, डिप्टी कमानडेंट संजय यादव, गौरीफंटा कोतवाल रमेश चंद्र यादव, कस्टम अधीक्षक राजीव कनौजिया सहित नेपाल पुलिस के डीएसपी भोला प्रसाद, वीर बहादुर भट्ट आदि मौजूद रहे।