लखीमपुर खीरी। शहर की हर सड़क पर अतिक्रमण है। इससे आए दिन जाम लगता है, जिससे नगरवासियों के साथ जिला मुख्यालय पर कोर्ट कचहरी एवं अस्पताल आने वाले दूर दराज के लोगों को काफी परेशान होना पड़ता है। शहर के फुटपाथ को कब्जा मुक्त कराने के लिए न तो नगर पालिका प्रशासन सजग है और न ही तहसील प्रशासन। इसी वजह से शहर की सड़कों पर पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है।
जिला अस्पताल रोड हो या फिर संकटा देवी अथवा मेन रोड। शहर की ऐसी कोई सड़क नहीं है, जिस पर पैदल निकलना आसान हो। सभी ओर की सड़क के फुटपाथ पर दुकानदारों का अवैध कब्जा है। कहीं पर व्यापारियों ने फुटपाथ पर दुकान का सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया है तो कहीं व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान के सामने फुटपाथ पर ही दुकानें लगवा रखी हैं। इससे दुकानों पर आने वाले खरीदार सड़क पर वाहन खड़ा करने को मजबूर हैं। इससे सड़क पर जाम लग जाता है, और राहगीरों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ता है।
-
ट्रैफिक पुलिस की अनदेखी बन रही जाम का कारण
सड़क पर जाम लगने का एक मुख्य कारण ट्रैफिक पुलिस की अनदेखी है। जिला अस्पताल रोड का फुटपाथ हो या फिर कामनाथ मार्केट एवं जेल रोड। हर जगह अनाधिकृत रूप से वाहन और निजी एंबुलेंस खड़ी रहती हैं। इससे अस्पताल एवं आसपास की दुकानों पर आए लोगों को अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा करना पड़ता है, जिससे जाम लगता है।
-
अस्पताल रोड के फुटपाथ पर अवैध रूप से खड़ी रहती हैं एंबुलेंस
जिला अस्पताल के आस पास का फुटपाथ अवैध कब्जे में हैं। दिन भर यहां दूसरे जिलों की अनाधिकृत एंबुलेंस खड़ी रहती हैं। इनके खड़े रहने से दवा आदि लेने के लिए आने वालों को अपने वाहन सड़क पर खड़े करना पड़ता है, जिससे जाम लगता है। मगर, न तो नगर पालिका प्रशासन ध्यान देती है और न ही ट्रैफिक पुलिस।
........
सड़कों पर आड़े तिरछे खड़े वाहन बन रहे जाम का कारण
गुरुगोविंद सिंह तिराहे से जिला अस्पताल जाने वाले मार्ग पर लोग फुटपाथ के साथ सड़क किनारे आड़े तिरछे वाहन खड़े कर देते हैं। इससे दिन भर जाम की नौबत बनी रहती है। इस सड़क पर जाम एंबुलेंस से जिला अस्पताल आने वाले मरीजों के लिए मुसीबत बनता है।
.....
संकटा देवी रोड की पैमाइश कराकर नोटिस जारी की गई है। इसी तरह हर सड़क की नपाई कराकर अतिक्रमण चिह्नित कर उसे हटवाया जाएगा।
-आरआर अंबेश, अधिशाषी अधिकारी