लखीमपुर खीरी। हत्या के मामले में जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी की शुक्रवार की रात अचानक तबीयत बिगड़ गयी। उसे आनन फानन में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने कोरोना की जांच के लिए ब्लड सेंपल भी लिया है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह हार्ट अटैक आई है।
जेल अधीक्षक आरबी पटेल ने बताया कि थाना मैंगलगंज के गांव औरंगाबाद निवासी बड़े किसान (36) सितंबर 2019 में हत्या के मामले में जेल में निरुद्ध था। शुक्रवार की रात 10 बजे बडे़ किसान की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसने शरीर मे दर्द होने की शिकायत की। जेल डॉक्टर ने उपचार किया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई। सूचना पर जेल अधीक्षक, जेलर व अन्य स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया। कुछ देर बाद बंदी ने चक्कर आने की बात बताई। हालत गंभीर देख जेल प्रशासन ने बड़े किसान को जिला अस्पताल भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। जेल अधीक्षक ने मौत की सूचना जेल के उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन को दी। थाना मैगलगंज के जरिए बंदी के घर सूचना भिजवाई। सूचना पर परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम से पूर्व डॉक्टर ने कोरोना की जांच के लिए ब्लड सेंपल लिया, जिसे जांच के लिए लखनऊ भेजा जाएगा।