हमले की सूचना के बाद खेतों में कांबिंग करती वन विभाग की टीम फाइल फोटो
लखीमपुर खीरी। जिले में अब सियार भी हमलावर हो रहे हैं। हमला कर ग्रामीणों को घायल कर रहे हैं, लेकिन वन विभाग इन्कार कर रहा है। ग्रामीण सियार होने की बात कह रहे और विभाग कुत्ता बताकर पल्ला झाड़ रहा है। बीते दो दिनों में जिले में अलग-अलग स्थानों पर करीब 15 लोग सियार के हमले में घायल हो चुके हैं।
शुक्रवार को सियार ने मैगलगंज थाना क्षेत्र के कुसुमी गांव निवासी चाचा-भतीजे पर हमला कर घायल कर दिया।
ग्रामीणों ने हमला करने वाला वन्यजीव सियार बताया। दोपहर के समय सियार ने इसी गांव के दंपती को घायल कर दिया। घायल और गांव के अन्य लोगों ने सियार के हमले की बात कही।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने खेतों में कांबिंग की और कुत्ते द्वारा हमला किए जाने की बात कही। मितौली रेंजर रवींद्र सचान ने बताया कि सूचना पर खेतों में कांबिंग की गई थी। सियार होने की पुष्टि नहीं हुई। कुत्ते ने ही हमला किया होगा। इसके बाद भी टीम लगातार निगरानी बनाई हुई है। जो भी सहयोग होगा, वह किया जा रहा है।