जाम का झाम शहर में आम हो गया है। होली के त्योहार के पहले बाजार में उमड़ी भीड़ के चलते मंगलवार को शहर की सड़कों पर दिन भर जाम रहा। थरवरनगंज की सड़क और मेन रोड पर दिन भर में कई बार जाम लगा। अस्पताल जाने वाले मरीज और परीक्षा देकर लौट रहे स्कूली बच्चे घंटों जाम में फंसे रहे। इस भीषण जाम के सामने ट्रैफिक पुलिस लाचार नजर आई।
मेन रोड पर एकल ट्रैफिक होने के कारण चौपहिया वाहनों को थरवरनगंज से होकर निकाला गया। दो दिन बाद मौसम खुला तो लोग होली के लिए खरीदारी करने बाजार में उमड़ पड़े। भारी भीड़ होने के कारण मेन रोड पर दिन भर जाम लगा रहा। उधर थरवरनगंज से चौपहिया वाहनों के निकलने से दिन में कई बार जाम लगा। दोपहर में परीक्षा देकर लौट रहे विद्यार्थी घंटों भूखे-प्यासे जाम में फंसे रहे। अस्पताल जाने का रास्ता भी थरवरनगंज होकर है। इससे अस्पताल जा रहे मरीजों को भी जाम के कारण खासी दिक्कत उठानी पड़ीं।
ओवरब्रिज के कारण कई सड़कों पर बढ़ा ट्रैफिक लोड
सीतापुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बन जाने से शहर की कई सड़कों पर ट्रैफिक लोड बढ़ गया है। सबसे ज्यादा ट्रैफिक लोड संकटादेवी रोड, मेला रोड और मेला मैदान से इमली चौराहा रोड पर बढ़ा है। अस्पताल रोड पर भी आए दिन जाम की समस्या होती है।
इन सड़कों पर लगता है सबसे ज्यादा जाम
मेन रोड, थरवरनगंज रोड, मेला रोड, मेला मैदान चौराहा, सदर चौराहा, संकटा देवी रोड, अस्पताल रोड, बस स्टेशन रोड, कृष्ण टाकीज रोड, मेला मैदान से इमली चौराहा रोड, रोडवेज बस स्टेशन रोड पर सबसे ज्यादा जाम लगता है। मेन रोड और सदर चौराहे के अलावा शहर की किसी भी सड़क पर ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था नहीं है।
ट्रैफिक पुलिस के पास न स्टाफ न प्लान
होली जैसे मौके पर शहर में बढ़ रहे ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए यातायात पुलिस के पास स्टाफ का टोटा है। ट्रैफिक कंट्रोल का कोई प्लान भी उसके पास नहीं है। मौजूदा समय में यातायात पुलिस में 10 सिपाही, दो दीवान और एक एचसीपी शामिल हैं। टीएसआई ओमप्रकाश रजक विधानसभा ड्यूटी में लखनऊ में है। ऐसे में शहर के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलती नहीं दिख रही है। हालांकि सीओ सिटी एमपी सिंह का कहना है कि ट्रैफिक कंट्रोल के लिए उपलब्ध स्टाफ को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।