गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
पसगवां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामनगरिया में अशोक कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज किया है।
बताते हैं कि सात जनवरी को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बढ़बारी ऊधौ के मजरा रामनगरिया में अशोक कुमार के खेत में उसके चचेरे भाइयों की भैंस ने फसल चर डाली थी। विरोध करने पर उसके चचेरे भाइयों अरवेश और मिथलेश कुमार ने घर में घुसकर उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी थी। घटना के समय अशोक कुमार घर में अकेला था, पत्नी मायके गई हुई थी। रात को उसका शव घर के बाहर पड़ा मिला था।
चचेरे भाई प्रेमपाल ने बताया कि अशोक को खून की उलटी हुई थी। पुलिस ने सूचना पर मृतक अशोक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट लगने की पुष्टि हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक अशोक कुमार की पत्नी उर्मिला देवी की तहरीर पर अरवेश सहित दो आरोपियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। नामजद आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।