लखीमपुर खीरी। दोपहर में तेज धूप ने लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर दिया है तो रात में उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले तीन-चार दिनों में बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना है। तेज हवा भी चल सकती है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह बदली छाई रही तो लोगों को बारिश होने की उम्मीद जगी। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही सुबह करीब 10 बजे से तेज धूप ने फिर सताना शुरू कर दिया। दोपहर में तो हाल और भी खराब हो गया। चिलचिलाती धूप की वजह से लोग घरों में दुबके रहे। शाम के बाद जब सूरज के तेवर कम हुए तो सड़कों पर चहल-पहल लौटी। संवाद