लखीमपुर खीरी। मीडिया से बातचीत करते भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत। संव?
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा आरोपी केंद्रीय मंत्री के पुत्र आशीष मिश्र की जेल से रिहाई की खबर पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत मंगलवार को लखीमपुर पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से मुलाकात कर भाजपा सरकार, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी व तिकुनिया हिंसा के आरोपी आशीष मिश्र पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों से बर्बरता करने वाला तीन माह बाद जेल से रिहा हो रहा है, जबकि निर्दोष जेल में रहकर सजा काटेंगे।
भाजपा सरकार की तुलना कोरिया के तानाशाह से करते हुए कहा कि षड्यंत्रकारी केंद्रीय मंत्री अब भी छुट्टा घूम रहा हैं। उन्होंने कहा कि कोर्ट में हमारा पक्ष तक नहीं सुना गया। इस कारण मंत्री का बेटा जेल से रिहा हो रहा है, जो बड़े दुख की बात है। इसी कारण लखीमपुर आना पड़ा। हम इसके लिए फिर से अपील करेंगे। किसान और युवाओं से लेकर हर वर्ग परेशान है, लेकिन सरकार हिजाब-नकाब के साथ हिंदू-मुस्लिम और जिन्ना की बात कर रही है। इसलिए सावधान और बचकर रहें, क्योंकि भाजपा और संघ सब कुछ करवा सकती है, जिसकी खबरें भी मिल रही हैं।
राकेश टिकैत ने कहा कि चुनाव हो रहे हैं, इसमें वोट आपको करना है, लेकिन किस को करना है, ये हमें बताने की जरूरत नहीं है। किसान स्वयं समझदार है। किसानों के लिए एमएसपी का सबसे बड़ा मुद्दा है। इसके लिए गारंटी कानून नहीं बनाया। प्रत्याशी जब आपके पास आए तो उससे हिसाब और किताब करें। कोरोना काल में बैठक और रैली हो रही हैं, लेकिन स्कूल बंद रहे।
राकेश टिकैत ने कहा कि तिकुनिया हिंसा में किसानों के बच्चों को मारने वाला कातिल छूट रहा है। उन्होंने किसानों से भाजपा को सजा देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार ने पांच मुख्य मांगें तक न हीं मानी। वोट देने के समय इसका भी ध्यान रखें। इस दौरान डॉ. दर्शन पाल, हन्नान मोल्ला, जगजीत सिंह डल्लेवाल, जोगिंदर सिंह उगराहां, शिव कुमार, युद्यवीर सिंह आदि मौजूद रहे।