व्यापारी महासम्मेलन में उप्र उद्योग व्यापार संगठन की ओर से केंद्रीय कानून खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत होने वाली समस्याओं को लेकर राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल को संबोधित पांच बिंदुओं वाला एक ज्ञापन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल को सौंपा गया। व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा प्रदेश की सरकार व्यापारी हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सपा सरकार में व्यापारियों का सम्मान बढ़ा है।
संगठन जिलाध्यक्ष अनिल शुक्ला, संरक्षक मोहन चंद उत्प्रेती, संजय गुप्त कन्हैया, शैलेंद्र सिंह टिंकू, सुनील गुप्ता, गोपाल अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, गौरव गुप्ता, शोभित गुप्ता ने ज्ञापन में लाइसेंस नवीनीकरण की तारीख से एक माह पूर्व ही सौ रुपये प्रतिदिन दंड शुल्क लेने के प्रावधान को हटवाने की मांग की। विदेशों से आने वाले पाम आयल, दालें, अनाज एवं फल आदि की सैंपलिंग यहां होती है, जो कि अपने देश में उत्पादित नहीं होता। मांग की कि खाद्य सामग्री की अधिकृत सैंपल रिपोर्ट फुटकर व्यापारियों को उपलब्ध कराया जाए। नवीनीकरण दिनांक निकलने पर व्यापारी को तुरंत कार्य बंद कर उत्पादन की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश है, इसे बदला जाए। जिला स्तर पर एक लैब की स्थापना कराई जाए ताकि व्यापारी विदेशी उत्पाद और स्थानीय उत्पादों की सैंपलिंग अपने स्तर से करा सकें। संगठन ने संसाधनों की कमी बताकर छोटे एवं मझोले व्यापारियों को ऑनलाइन विवरण रखने और इस धारा के मुक्त करने की मांग उठाई गई।
पैनकार्ड की अनिवार्यता पर रोक की मांग
ज्वैलर्स एसोसिएशन ने उप्र उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नितिन अग्रवाल को ज्ञापन देकर एक लाख की सोने-चांदी की खरीद और बिक्री पर पैनकार्ड की अनिवार्यता पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही वाणिज्य कर विभाग से जुड़ी कई समस्याएं भी बताई।
राज्यमंत्री के सामने उठीं कई मांगें
कार्यक्रम के दौरान मनोज अग्रवाल ने कहा कि जिला एवं महिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी है। यहां काफी समय से ह्दयरोग विशेषज्ञ नहीं है। उन्होंने ट्रामा सेंटर का कार्य पूरा करने के लिए समयबद्धता तय करने की मांग की। जिला एवं महिला अस्पताल में कैंटीन, बंद पड़े एएनएम सेंटर खोलने, जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की व्यवस्था करने संबंधी कई मांगें उठाईं। सपा जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल ने भी हृदयरोग विशेषज्ञ तैनात करने की मांग की। इस पर राज्यमंत्री ने जल्द एक डॉक्टर की तैनाती का भरोसा दिलाया।