लखीमपुर खीरी। थाना भीरा के गांव में मेड़ईपुरवा निवासी सुजीत मिश्रा के जहर खाकर खुदकुशी करने के मामले में पुलिस उनकी पत्नी कामिनी की ओर से दर्ज हत्या की एफआईआर की ही जांच करेगी। पुलिसकर्मियों के पीटने और थाने में जहर खाने के सुजीत के आरोप को गलत बताते हुए गोला गोकर्णनाथ के सीओ रमेश तिवारी ने कहा, ऐसा कुछ हुआ ही नहीं तो जांच फिर क्यों होगी।
112 यूपी पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद सुजीत को पुलिस उसके गांव से पकड़कर लाई थी। मौत से पहले सुजीत ने कहा था कि उसे गांव की रूबी, सोनू व गोली धामी के कहने पर पुलिसकर्मियों ने उसे काफी प्रताड़ित किया। इस वजह से उसने भीरा थाने में जहर खा लिया। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था।
वहीं पुलिस का कहना था कि सुजीत के फोन करने पर ढूंढते हुए उस तक पहुंचा गया। वह फोन पर ही कह रहा था कि आत्महत्या कर लेगा। सुजीत गांव में नहर के पास मिला तो उसे पकड़कर थाने लाया गया। थाने में घुसने से पहले ही गेट पर सुजीत की तबीयत खराब हो गई थी। इस पर पहले उसे बिजुआ सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से रेफर किए जाने पर लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई थी।
सुजीत के आरोपों को सिरे से नकारते हुए पुलिस ने अब अपनी जांच सुजीत की पत्नी कामिनी की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर पर ही केंद्रित कर दी है। रिपोर्ट में कामिनी का कहना है कि एक किशोरी के कारण रूबी और उसके दो रिश्तेदार सोनू व गोल्डी सुजीत को धमका रहे थे। इन लोगों ने जहर देकर मार दिया। सुजीत ने एक वीडियो के माध्यम से इन लोगों पर लगातार धमकी देने का आरोप लगाया था। पुलिस ने बुधवार को आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
-
पोस्टमाॅर्टम के बाद सुजीत का शव गांव पहुंचा तो मची चीख-पुकार
बिजुआ/भीरा। सुजीत मिश्र का शव मंगलवार देर रात पोस्टमॉर्टम के बाद गांव पहुंचा तो चीख-पुकार मच गई। बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। लखनऊ ले जाते वक्त सीतापुर जिला सीमा में सुजीत ने दम तोड़ दिया था। ऐसे में सीतापुर में पोस्टमॉर्टम कराकर रात में शव गांव ले आया गया था।
परिजनों ने बताया कि नामजद अभियुक्तों पर सख्त कार्रवाई का पुलिस से आश्वासन मिलने के बाद ही अंतिम संस्कार के लिए सहमति बनी।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। सुजीत मिश्र के निधन से उनकी पत्नी कामिनी और तीन बच्चे अवी (15), प्रज्ञा (12) तथा विराट (10) अनाथ हो गए हैं।
वर्जन
देर रात शव आने के बाद शांतिपूर्ण ढंग से अंतिम संस्कार करा दिया गया है। मामले की जांच चल रही है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी करने का प्रयास किया जा रहा है। -रमेश तिवारी, सीओ गोला गोकर्णनाथ
सुजीत मिश्र। फाइल फोटो