संपूर्णानगर छठ घाट पर अवैध कब्जा। संवाद
संपूर्णानगर। सिंगाही खुर्द छठ घाट के अंतिम छोर पर गांव के ही एक ग्रामीण ने कब्जा किया हुआ है। इसको लेकर हर साल छठ पूजा समिति लेखपाल से लेकर प्रशासन तक को अवगत कराती है, बावजूद इसके कब्जा नहीं हटा है। बीते दो साल 24 घंटे में एसडीएम ने कब्जा हटाने की हिदायत दी थी, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी अब तक कब्जा नहीं हटाया जा सका है।
सिंगाही खुर्द में छठ घाट पूजा सेवा समिति की तरफ से हर साल छठ पर्व धूमधाम से आयोजित किया जाता है। सेवादारों ने बताया कि छठ घाट पर लगभग 150 वेदी बनी हुईं हैं। एक वेदी पर चार से छह परिवार पूजा करने के लिए बैठते हैं। इसके कारण भीड़ अधिक हो जाती है। बताया कि घाट के एक भाग पर एक ग्रामीण ने कब्जा कर टिन व झाला डाल रखा है।
समिति हर साल शिकायत करती है, लेकिन आश्वासन मिलता है, कार्रवाई नहीं होती। 2022 में एसडीएम ने घाट का निरीक्षण कर कब्जेदारों को बुलाकर कड़ी हिदायत देते हुए 24 घंटे में कब्जा हटाने की हिदायत दी थी, लेकिन दो साल बीतने पर भी अब तक न तो कब्जा हटा और न ही उक्त ग्रामीण पर कोई कार्रवाई ही हो सकी। समिति के सदस्यों ने बताया कि उक्त ग्रामीण भूपनगर में रहता है और यहां रहकर अवैध तरीके से कच्ची शराब भी बेचता है। समिति सदस्यों ने बताया कि अगर यह कब्जा हट जाए तो कम से कम 15 वेदियां और बन जाएंगी, जिससे पूजा करने वालों को सहूलियत होगी।