शहीद दरोगा मनोज मिश्रा हत्याकांड को लेकर उनके परिवार द्वारा गांव में शुरू किए गए अनशन में शनिवार को भाजपा विधानमंडल दल के नेता और पूर्व मंत्री सुरेश खन्ना शामिल हुए। उन्होंने दरोगा के परिवार वालों को आश्वासन दिया कि वे इस मामले को विधान सभा में उठाएंगे।
भाजपा विधानमंडल दल के नेता और पूर्व मंत्री सुरेश खन्ना शनिवार को शहीद दरोगा मनोज मिश्रा के गांव हरदासपुर गए। वह अनशन पर बैठे और दरोगा के परिवार वालों से मुलाकात की। उन्होंने दरोगा मनोज मिश्रा के परिवार वालों से कहा कि इस लड़ाई में भाजपा पूरी तरह उनके साथ। वे इस मुद्दे को विधान सभा में उठाएंगे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और मांग की कि दरोगा हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जाए तथा दरोगा के परिवार वालों की मांगें पूरी की जाएं। सुरेश खन्ना ने कहा वे इस मुद्दे को विधान सभा में भी उठाएंगे। भाजपा नेता के साथ अनशन स्थल पर भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद मिश्रा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनुपम अवस्थी, बजरंग दल कार्यकर्ता रंजीत वर्मा, कन्हैयालाल मेहरोत्रा, गोपाल बिहारी सिन्हा, वकील कपिल शुक्ला, विहिप के प्रांतीय पदाधिकारी आचार्य संजय मिश्र, बृजेश पांडे और विनय तिवारी सहित तमाम लोग शामिल रहे।