फरधान सीएचसी का एसीएमओ ने किया निरीक्षण
फरधान सीएचसी में डॉक्टरों के साथ-साथ अन्य स्टाफ के समय से न आने की मिल रहीं शिकायतों को संज्ञान में लेकर एसीएमओ ने सोमवार को सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान दो डॉक्टरों सहित सात लोग अनुपस्थित मिले। एसीएमओ ने इन सभी के खिलाफ एक-एक दिन का वेतन काटे जाने की कार्रवाई किए जाने के लिए सीएमओ को लिखा है।
एसीएमओ डॉ.मातादीन ने सोमवार की सुबह नौ बजे सीएचसी फरधान का निरीक्षण किया। इस दौरान महिला डॉक्टर पल्लवी महेंद्रा, आरबीएसके के डॉ.रंजीत कुमार के अलावा एसटीएस संजय त्रिपाठी, फार्मासिस्ट नरेंद्र मोहन, एमपीडब्ल्यू शैलेंद्र सिंह, अर्श काउंसलर आलोक कुमार, आईओ आशीष कुमार अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएचसी की साफ सफाई के साथ दवा वितरण काउंटर और स्टाक भी देखा। एसीएमओ डॉ. मातादीन ने सीचसी अधीक्षक डॉ.अमित बाजपेई को साफ सफाई को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
एसीएमओ एवं नोडल प्रभारी एनएचएम डॉ.मातादीन ने बताया कि सोमवार को फरधान सीएचसी का निरीक्षण किया था, जिसमें दो डॉक्टरों सहित सात लोग अनुपस्थित मिले। इन सब का एक दिन वेतन काटे जाने के लिए सीएमओ को लिखा है।