लखीमपुर खीरी। बिजली सप्लाई व्यवस्था को सुचारू करने में लगे संविदा कर्मियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने का एक और मामला सामने आया है। शहर के मोहल्ला शाहपुरा कोठी में गुरुवार की रात लाइन ठीक करने आए संविदा कर्मी राकेश ने कलक्ट्रेट स्थित विद्युत उपकेंद्र के एसएसओ से शटडाउन लेकर काम शुरू किया, इसी बीच उपकेंद्र से सप्लाई चालू कर दी गई। इससे लाइन जोड़ रहा संविदा कर्मी झटका खाकर सीढ़ी से नीचे गिर गया।
गुरुवार की रात करीब 12.30 बजे शाहपुरा कोठी मोहल्ले में एलटी लाइन का एक तार टूट गया था, जिससे सप्लाई बाधित होने पर लोगों ने उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सीढ़ी लेकर संविदाकर्मी मोहल्ले में पहुंचे और एसएसओ रंकज वर्मा से शटडाउन लेकर काम शुरू कर दिया। राकेश सीढ़ी पर चढ़कर तार जोड़ने लगा, तभी अचानक सप्लाई चालू कर दी गई। इससे करंट का झटका लगते ही राकेश नीचे जमीन पर गिर गया। अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सीढ़ी से गिरने के कारण संविदा कर्मी की जान बच गई, लेकिन खंभे पर चढ़कर काम कर रहा होता तो उसकी जान भी जा सकती थी। संविदा कर्मी ने एसएसओ पर जानबूझकर सप्लाई चालू करने का आरोप लगाया और दोनों के बीच फोन पर नोकझोंक भी हुई। उधर, एसएसओ रंकज कुमार ने कहा कि नौरंगाबाद फीडर ट्रिप हुआ था, जिसे दोबारा चालू करने गया तो भूलवश उसने शाहपुरा कोठी का फीडर चालू कर दिया था।
मामला संज्ञान में है। फीडर शटडाउन होने के बाद बिना कर्मचारी से बात किए सप्लाई चालू करने की गलती एसएसओ ने की है। एसएसओ को भविष्य में पुन: ऐसी गलती न दोहराने की चेतावनी दी गई है।
अमरजीत, जेई, विद्युत उपकेंद्र कलक्ट्रेट